मॉडल, एक्टर और टीवी होस्ट पद्मा लक्ष्मी का जन्म 1 सितंबर 1970 को चेन्नई के अयंगर ब्राह्मण परिवार में हुआ था। पद्मा के माता-पिता जब अलग हुए तब वो केवल एक साल की थीं। जिसके बाद उनका बचपन न्यूयॉर्क में बीता। पति से अलगाव के बाद पद्मा की मां न्यूयॉर्क में ही बस गई थीं।
पद्मा ने मॉडलिंग की शुरुआत 18 साल की उम्र से कर दी थी। छुट्टी के दौरान पद्मा स्पेन के मैड्रिड शहर के एक कैफे में बैठी थीं। तभी एक मॉडलिंग एजेंट की नजर उन पर पड़ी और उन्हें अप्रोच किया। बस फिर क्या था पद्मा लक्ष्मी ने मॉडलिंग करनी शुरू कर दी और यहीं से उनकी किस्मत बदल गई।
पद्मा ने साल 2003 में फिल्म 'बूम' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। कटरीना कैफ की भी यह डेब्यू फिल्म थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य किरदार में थे। इसमें वह शीला बार्डेज का किरदार निभा रही थीं जो कि एक सुपर मॉडल होती है और जिस पर हीरे चुराने का आरोप लगता है।
पद्मा लक्ष्मी ने मशहूर उपन्यासकार सलमान रुश्दी से साल 2004 में न्यूयॉर्क में शादी की थी। दोनों की पहली मुलाकात 1999 में हुई थी। शादी के वक्त सलमान रुश्दी 51 साल के थे और अपनी तीसरी पत्नी के साथ तलाक लिया था जबकि लक्ष्मी उस वक्त केवल 28 साल की थीं। सलमान रुश्दी और पद्मा की ये शादी ज्यादा दिनों तक चली नहीं। जुलाई 2007 में दोनों ने आपसी रजामंदी से तलाक ले लिया।
तलाक के बाद लक्ष्मी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि 'मैंने उनके साथ रहने की बेहद कोशिश की लेकिन सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। सलमान के साथ फिजिकल रिलेशनशिप बेहद दर्दनाक रहा। जब मैं उन्हें मना करती तो कहते कितनी आसानी से तुम बहाना बना लेती हो। इस दर्द की वजह से मेरे शरीर में अंदरूनी बीमारी हो गई। जिसके कारण मुझे 5 घंटे की सर्जरी से भी गुजरना पड़ा था।'