लोकसभा चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर पीली साड़ी वाली महिला पोलिंग अधिकारी की तस्वीरें काफी चर्चा में रही। इस पोलिंग अधिकारी का नाम रीना द्विवेदी (Reena Dwivedi) है। लोकसभा चुनाव भले ही खत्म हो चुके हों लेकिन रीना द्विवेदी की फैन फॉलोइंग लगातार बढ़ती जा रही है। यहां तक कि रीना भी लाइमलाइट में रहने के लिए अपनी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं। इस बीच रीना ने फेसबुक पर डांस का एक ऐसा वीडियो शेयर किया जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
पीली साड़ी वाली अफसर का डांस अब सोशल मीडिया पर छाया, यूजर्स बोले- 'परत दर परत खूबियां सामने आ रहीं'
इस टिक टॉक वीडियो में रीना पीले रंग की ड्रेस में डांस करती हुई दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो पर रीना के फैंस तारीफ करते नहीं थक रहे। एक यूजर ने कमेंट किया- 'रीना जी बहुत अच्छा डांस कर रही हैं।' वहीं एक और यूजर ने लिखा- 'बहुत अच्छा रीना जी। आप बहुत अच्छी महिला हैं।' एक और यूजर ने लिखा- 'रीना जी आपने दिल जीत लिया।'
इन कमेंट्स के अलावा एक और यूजर ने लिखा- 'एक प्याज के छिलके की तरह परत दर परत खूबियां सामने आ रही हैं बहुत खूब, धन्यवाद।' लोकसभा चुनाव के दौरान चर्चा में आई रीना द्विवेदी को फिल्मों के ऑफर मिल चुके हैं। खबर तो यह भी आई पीली साड़ी वाली महिला अधिकारी रीना द्विवेदी 'बिग बॉस 13' में भी जा सकती हैं। रीना द्विवेदी लखनऊ के पीडब्यूडी विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं।
सोशल मीडिया में वायरल तस्वीरों में रीना जितनी खुशमिजाज लग रही हैं असल में उनकी जिंदगी तकलीफों से भरी है। इंटरव्यू के दौरान रीना ने बताया साल 2004 में उनकी शादी पीडब्यूडी विभाग में काम करने वाले सीनियर सहायक संजय द्विवेदी से हुई थी। साल 2013 में पति संजय की मौत हो गई थी। रीना को पति की जगह नौकरी मिली। उनका 13 साल का बेटा भी है। रीना ने बताया था भोजपुरी फिल्मों के ऑफर भी मिल चुके हैं लेकिन बेटे की वजह से उन्होंने मना कर दिया।
आपको बता दें, लोकसभा चुनाव के दौरान रीना मोहनलाल गंज के नगराम में मतदान करवाने पहुंची थीं, जब उनकी पीली साड़ी पहने तस्वीरें वायरल हो गईं। रीना की पीली साड़ी, आंखों पर सनग्लासेज और हाथ में ईवीएम मशीन। रीना को इसी लुक ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। रीना की फैन फॉलोइंग इतनी बढ़ गई है कि लोग अब उन्हें रोककर रास्ते में सेल्फी लेने लगते हैं।