सोनारिका भदोरिया: कटरीना कैफ की ट्रोलिंग के बीच चर्चा में अभिनेत्री की पोस्ट, बच्चे वाली महिलाओं से की ये अपील
Sonarika Bhadoria: हाल ही में कटरीना कैफ को उनके बढ़े वजन के लिए ट्रोल किया गया। इस बीच टीवी अभिनेत्री सोनारिका भदोरिया ने बच्चे वाली महिलाओं और उन्हें ट्रोल करने वाले यूजर्स को सलाह दी है।
विस्तार
टीवी अभिनेत्री सोनारिका ने लोगों से अपील की कि वे हाल ही में मां बनी महिलाओं के प्रति सहानुभूति रखें। सोनारिका ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया। हालांकि, यह पोस्ट कैटरीना को लेकर चल रही ऑनलाइन चर्चाओं के बीच आई है, जिन्हें हाल ही में पति विक्की कौशल के साथ बाहर निकलने पर उनके लुक के लिए ट्रोल किया गया था।
सोनारिका ने लिखा, 'किसी ऐसी महिला को देखकर यह तय करना कि उसका शरीर अब पब्लिक प्रॉपर्टी है, जिसने अभी-अभी इस दुनिया में एक नई जान को जन्म दिया है बहुत ही बेरहम बात है। आप उन रातों को नहीं देखते जो उन्होंने जागते हुए बिताईं। जब उनका शरीर आराम मांग रहा था, तब उन्होंने एक नन्हे बच्चे को दूध पिलाते हुए वो रातें गुजारीं। ऐसी दुनिया में जो महिलाओं से कहती है कि मां बनने के लिए उन्हें सब कुछ कुर्बान कर देना चाहिए, वहां हम उनसे उम्मीद करते हैं कि वे मां बनने के बाद भी बिल्कुल वैसी ही दिखें जैसे पहले थीं। ऐसा लगता है कि जैसे हम उनसे कह रहे हों कि प्रेग्नेंसी से उनकी जिंदगी तो बदलनी चाहिए लेकिन उनका शरीर नहीं।'
गुज्जू लव गुरु: एक्सीडेंट में इन्फ्लुएंसर चंदन राठौड़ का निधन, जिंदगी की अनिश्चितता पर बनाई थी आखिरी रील
महिलाओं को सलाह देते हुए सोनारिका ने लिखा, 'उसे आपको कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है। बच्चे के जन्म के बाद का शरीर, महिला के पुराने शरीर का 'फेल' वर्जन नहीं होता। यह एक सबूत है। इस बात का सबूत कि उसके साथ कुछ असाधारण हुआ है। आपका शरीर खराब नहीं हुआ है। यह शर्मनाक नहीं है। इसके लिए आपको माफी मांगने की जरूरत नहीं है। आप कम खूबसूरत नहीं हो जातीं क्योंकि मातृत्व ने आप पर अपनी छाप छोड़ी है।'
सोनारिका ने पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा 'एक छोटी सी बात याद दिलाना चाहती हूं: डिलीवरी के बाद वाली माताओं के प्रति ज्यादा दयालु बनें। उन्होंने इस दुनिया में एक नई जिंदगी लाने के लिए पहले ही बहुत कुछ दिया है। उन्हें आपके कमेंट्स की जरूरत नहीं है। उन्हें सम्मान, सहानुभूति और दया की जरूरत है।'
- सोनारिका की यह पोस्ट मुंबई में अंबानी परिवार के गणेश चतुर्थी सेलिब्रेशन में कटरीना के लुक को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही चर्चाओं के बीच आई है।
- कटरीना और विक्की 14 सितंबर को एंटीलिया में हुए सेलिब्रेशन में शामिल हुए थे।
- हाल के महीनों में अभिनेत्री पब्लिक इवेंट्स में कम ही नजर आई हैं।
- उन्होंने और विक्की ने पिछले साल नवंबर में अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था।
- कैटरीना के नजर आने के बाद, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके वजन और लुक पर कमेंट किए, जबकि दूसरों ने उनका बचाव किया और उनके शरीर पर ध्यान केंद्रित करने की आलोचना की।