महाकाव्य श्री रामयण कथा: ट्रोलिंग पर अंजलि अरोड़ा ने तोड़ी चुप्पी, ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर कही यह बात
Anjali Arora On Trollers: फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामयण कथा’ में माता सीता का किरदार निभाने को लेकर अंजलि अरोड़ा काफी समय से ट्रोलिंग का सामना कर रही है। गुरुवार को हुए फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में एक्ट्रेस ने अपने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। पढ़े क्या बोलीं अंजलि?
विस्तार
फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामयण कथा’ का ट्रेलर आज मेकर्स ने रिलीज कर दिया। मगर अंजलि अरोड़ा की ट्रोलिंग फिल्म के टीजर लॉन्च से ही हो रही है। इस पर अंजलि ने फिल्म के ट्रेलर रिलीज के इंवेंट पर काफी कुछ कहा।
ट्रोलिंग पर क्या बोलीं अंजलि अरोड़ा?
गुरुवार को फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामयण कथा’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में अंजलि अरोड़ा ने खुलकर अपनी ट्रोलिंग के बारे में बात की। उन्होंने कहा, ‘मुझे इस बात का दुख नहीं हुआ क्योंकि हम सार्वजनिक हस्तियां हैं और हमने जनता को हमें आंकने का अधिकार दिया है। इसलिए, यह उनकी मर्जी है कि वे हमें सकारात्मक या नकारात्मक रूप से आंकें। हर किसी को इसे पसंद करने या नापसंद करने का अधिकार है।
हम अभिनेता हैं अपना 100 प्रतिशत देते हैं
आगे अपनी बातचीत में अंजलि ने कहा, ‘हम अभिनेता हैं, हमें जो भी किरदार दिया जाता है, हम उसे अपना 100 प्रतिशत देते हैं। एक बार जब यह जनता के सामने आ जाता है, तो यह उनका फैसला है कि वे इसे कैसे देखते हैं। मैंने सीता मां का किरदार निभाया है और अब, ट्रेलर देखने के बाद, क्या आपको लगता है कि वह वही अंजलि हैं जिन्हें हम सोशल मीडिया पर देखते हैं? मेरा एकमात्र उद्देश्य यह है कि जब दर्शक फिल्म देखें, तो वे मेरे निजी जीवन और व्यक्तित्व को एक तरफ रख दें।’
एक्ट्रेस ने 'कच्चा बादाम' पर क्या कहा?
अंजलि अरोड़ा ने अपनी कच्चा बादाम वायरल रील के बारे में कहा, ‘सोशल मीडिया पर जो कुछ भी होता है, वो बस कुछ समय के लिए होता है, लेकिन मुझे नहीं पता कि लोग अब भी उस वीडियो को क्यों याद रखते हैं। मैंने कुछ अलग नहीं किया। मैंने बस चलन को फॉलो किया। मैंने वो रील बनाई, लोग मुझे उसी की वजह से जानते हैं, और मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं। लेकिन यही मेरी पूरी जिंदगी नहीं है। लोग मुझे ट्रोल कर रहे हैं कि मैं डांस करती थी, तो मैं माता सीता का रोल कैसे कर सकती हूं? हर कोई डांस करता है, कौन सा एक्टर डांस नहीं करता? मुझे डांस करना पसंद है, ये मेरा शौक है। मुझे इस बात पर कोई शर्म नहीं है।
फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के बारे में
फिल्म में अंजलि अरोड़ा के अलावा रजनीश दुग्गल, शील वर्मा, निर्भय वाधवा अहम किरदारों में हैं। फिल्म का निर्माण महोबिया फिल्म्स के बैनर तले हुआ है। फिल्म को प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला ने प्रोड्यूस किया है। अजय कनौजिया की कंपनी एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड ने इसे पेश किया है। इसका निर्देशन अभिषेक सिंह ने किया है।