मुंबई में जो भी हसीन चेहरा बिल्कुल ताजा तरीन सा दिखता है, हिंदी सिनेमा को उसमें एक ‘होप’ नजर आ ही जाती है। लेकिन, मामला अगर बांद्रा पश्चिम के बैंड स्टैंड इलाके का हो तो फिर तो होप को तोप होने में कितनी देर लगती है। आयुष शर्मा की दिवाली पार्टी के किस्से अब भी मुंबई में फुलझड़ियां छुड़ा रहे हैं और इस पार्टी में दिखी एक रहस्यमयी सी लेकिन बेहद सेक्सी और हॉट युवती को लेकर इंडस्ट्री में खूब बातें हो रही हैं। कुछ लोग कहते हैं कि ये आयुष शर्मा की हाल ही में घोषित फिल्म में दिखने जा रही साउथ की ही एक बिंदास हीरोइन है तो कोई उसका नाम सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘किसी का भाई, किसी की जान’ से जोड़ रहा है। ये युवती कौन थी, ये तो अब तक साफ नहीं हुआ है लेकिन इन सभी चर्चाओं के बीच से जो नाम मुंबई में चमका है वह तान्या होप का।
Wo Kaun Thi?: सलमान के बहनोई की पार्टी में दिखी रहस्यमयी लड़की, ‘विकी डोनर’ के रीमेक की हीरोइन तक पहुंची बात
तमिल, तेलुगू और कन्नड़ सिनेमा में जलवे बिखेरने के बाद तान्या अब हिंदी डेब्यू के लिए तैयार हैं। आयुष शर्मा की अगली फिल्म ‘एएस04’ में वह एक गाने पर अपने नखरे और अदाएं दिखाती नजर आएंगी। फिल्म का पहला टीजर जारी हो चुका है। तान्या को अपनी इस पहली हिंदी फिल्म से काफी होप है। उनके नैन नक्श काफी तीखे हैं और उन्होंने अपने बदन को भी हिंदी सिनेमा की मांग के हिसाब से काफी छरहरा बना रखा है।
हिंदी सिनेमा में दक्षिण भारतीय हीरोइनों का दबदबा शुरू से रहा है। वैजयंती माला से लेकर हेमा मालिनी, श्रीदेवी, जया प्रदा से होता हुआ ये सिलसिला अब तापसी पन्नू, रश्मिका मंदाना, तमन्ना भाटिया, काजल अग्रवाल और पूजा हेगड़े के बीच चल रहे कंपटीशन तक आ पहुंचा है। तान्या होप को इस कंपटीशन से तो ज्यादा लेना देना नहीं है, लेकिन वह मानती हैं कि हिंदी सिनेमा में अपने लिए जगह बनाना आसान नहीं होगा। वह कहती हैं, ‘मैं हर तरह की मेहनत के लिए तैयार हूं और मुझे पता है कि आयुष शर्मा की फिल्म में मेरी मेहनत सबको पसंद आएगी।’
कम लोगों को ही पता होगा कि तान्या होप ने आयुष्मान खुराना की डेब्यू फिल्म ‘विक्की डोनर’ के तमिल रीमेक में खूब वाहवाही लूटी थी। ‘धरला प्रभु’ नामक इस फिल्म में तान्या ने यामी गौतम वाली भूमिका निभाई थी। आयुष शर्मा के साथ अपने बॉलीवुड डेब्यू पर तान्या कहती हैं, ‘इस फिल्म के साथ जुड़ने पर मुझे बेहद ख़ुशी महसूस हो रही है। जिस गाने पर हमने डांस किया है, वह काफी धमाकेदार गाना है और मैं इसके बारे में दर्शकों की प्रतिक्रिया का और इंतजार नहीं कर पा रहीं हूं। मैं यह दावे के साथ कह सकती हूं कि ये गाना शादियों के सीजन में खूब धमाल मचाएगा।’
तान्या होप की पहली हिंदी फिल्म ‘एएस04’ के टीजर की बात करें तो इसकी शुरुआत आयुष शर्मा के साथ होती है, जो गिटार बजा रहे हैं। इसके बाद स्पेशल कमांडो जैसे कुछ लोगों की एंट्री होती है और वे किसी की तलाश करते हुए नजर आते हैं। आयुष को घेरकर सब उनसे उनकी पहचान पूछते हैं। इस पर आयुष कहते हैं, पहचान की ही तो दिक्कत है और फिर वह जबर्दस्त एक्शन करते दिखाई देते हैं।