शोहरत की बुलंदियों का आसमान छूने वाले बॉलीवुड के मशहूर गायक मोहम्मद अजीज के जनाजे में आज हिंदी सिनेमा का एक भी सितारा शामिल नहीं हुआ। इसके बावजूद उनके चाहने वालों की भीड़ ने कई किलोमीटर का फासला पैदल चलकर उनके जनाजे को कब्रिस्तान तक पहुंचाया। मोहम्मद अजीज के जनाजे को कंधा देने के लिए उनके प्रशंसकों की जनाजे के साथ लाइन लगी रही।
2 of 5
Mohammed Aziz
- फोटो : Just Dial
कब्रिस्तान पहुंचने तक हिंदी सिनेमा के गाने सुनने वाले सैकड़ों लोग कब्रिस्तान के बाहर जुट चुके थे, सब यही सोचते रहे कि शोहरत को सलाम करने वाले इस शहर में ढलते सूरज का साथी कोई नहीं होता। मोहम्मद अजीज के गाने परदे पर निभाकर अनिल कपूर से लेकर गोविंदा और अमिताभ बच्चन तक सभी बड़े सितारों को शोहरत मिली। लेकिन, इनमें से कोई भी इस गायक के जनाजे में नहीं आया। हालांकि, उनके साथ साज बजाने वाले कलाकारों ने उनका साथ आखिर तक दिया।
3 of 5
mohammad aziz
- फोटो : youtube
उनके सेक्रेट्री बबलू ने बताया था सोमवार रात उनका प्रोग्राम कोलकाता में था। मंगलवार दोपहर वो जब मुंबई एयरपोर्ट पर आए तो उनकी तबीयत खराब हो गई। कैब में बैठने के बाद उन्होंने ड्राइवर को बोला मैं ठीक महसूस नहीं कर रहा हूं। फिर उन्हें नानावटी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने बताया उन्हें हार्ट अटैक आया है और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
इससे पहले अजीज ने अमर उजाला को दिए अपने इंटरव्यू में बताया था कि जब वह साल 1982 में मुंबई आए तो उन्हें पहला ब्रेक सपन जगमोहन ने दिया था। अजीज अपने संघर्ष के दिनों में म्यूजिक डायरेक्टर अनु मलिक के घर भी जाया करते थे। लेकिन उन्होंने बताया कि अनु भी उस दौरान बहुत संघर्ष कर रहे थे। एक दिन अनु ने अजीज को रिकॉर्डिंग रूम में बुलाया और फिल्म 'मर्द' का टाइटल सॉन्ग 'मर्द तांगेवाला' गाने को कहा।
अजीज ने कहा कि यह गाना अमिताभ बच्चन के लिए गाया जो उनके लिए बहुत सौभाग्यशाली है। बता दें कि इसी गाने से मो. अजीज को बड़ी पहचान मिली थी। गाना मर्द तांगेवाला की रिकॉर्डिंग के दौरान डायरेक्टर मनमोहन देसाई और एक्टर शम्मी कपूर और अमिताभ भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि पहले लाइव रिकॉर्डिंग हुआ करती थी।