कोलकाता में बंगाली एक्टर कौशिक सेन और उनके बेटे के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। कौशिक सेन ने पुलिस से शिकायत की है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके साथ अभद्र आचरण हुआ है।
पढ़ें: Bigg Boss 11: घर से OUT होने के फैसले से हितेन हैरान, इंटरव्यू में कईं चौंकाने वाले खुलासे
कौशिक सेन के शिकायत के बाद पुलिस ने एयरपोर्ट पार्किंग एजेंसी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट पर कौशिक सेन के ड्राइवर के साथ कथित तौर पर दुर्व्यव्हार किया गया और उस पर जुर्माना लगाया गया। जिसके बाद एक कर्मचारी और एक्टर के बीच शनिवार रात तीखी नोकझोंक हुई। कर्मचारी ने कहा कि उन्होंने हवाई अड्डा के गेट पर मिलने वाली 10 मिनट मुफ्त कार पार्किंग सुविधा से ज्यादा समय लिया।
पुलिस ने कहा कि अभिनेता ने शिकायत की है कि उनके जुर्माना भरने के बाद कर्मचारी व दूसरों ने उनके परिवार से अभद्रता जारी रखा। एनएससीबीआई पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा, 'हमने शनिवार रात अभिनेता और उनके परिवार से कथित तौर पर अभद्रता करने व गाली-गलौच करने को लेकर मुख्य आरोपी रंगाबेंद्रा सिंह सहित तीन पार्किंग कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।'
अधिकारी ने कहा, 'तीनों एक निजी एजेंसी एसएस इंटरप्राइजेज के कर्मचारी हैं और इन्हें हवाईअड्डा प्राधिकरण ने पार्किंग शुल्क जमा करने के लिए भर्ती किया है। हम इन्हें अदालत में पेश करेंगे और पुलिस रिमांड की अपील करेंगे।'
बता दें कि, 49 वर्षीय कौशिक सेन बंगाली फिल्मों के बड़े एक्टर हैं। बंगाली में उनकी फिल्में 'ब्योमकेश पावरबो', 'जुल्फिकार' और 'राजकाहिनी' सुपरहिट रही हैं। कौशिक सेन हिंदी फिल्म विद्या बालन के साथ 'कहानी-2' में भी दिखे थे।