हम सब लोगों के साथ रहने के आदी हैं। इंसानियत की पहली पहचान समाज है। और, मनोरंजन का सबसे सुलभ और सुखदायी साधन रहा है सिनेमा। अभिषेक बच्चन भी कहते हैं कि सामुदायिक मनोरंजन की जैसी अनुभूति सिनेमा देखते हुए सिनेमाघर में होती है, वैसी और कहां! मार्वेल स्टूडियोज ने सिनेमा की इसी सामुदायिक अनुभूति को कोरोना संक्रमण के इस संकट काल में अपने प्रशंसकों के चेहरों पर मुस्कान लाने का जरिया बनाया है और जारी की है एक ऐसी शोरील जिसमें एंजेलीना जोली की फिल्म ‘इटरनल्स’ से एक झलक आपके चेहरे पर भी मुस्कान ले आएगी।
2 of 5
मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मार्वेल स्टूडियोज की इस शो रील का मुख्य मकसद कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से पूरी दुनिया के प्रभावित होने के बाद अपनी फिल्मों की रिलीज की नई तारीखें बताना है लेकिन ये बात कहने का जो उसका तरीका है, उसे सुनकर हर मार्वेल फैन का दिल भर आएगा। मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स की पिछली फिल्मों की क्लिपिंग से शुरू होने वाली इस शो रील में चौथे फेज की फिल्मों के शुरू होने से पहले की कहानी भी है।
3 of 5
एवेंजर्स एंडगेम का दृश्य
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स के चौथे फेज की फिल्मों का इंतजार बेसब्री से रहा है। शोरील भी यही कहती है, ‘ये दुनिया भले बदल जाए और विकसित हो जाए लेकिन एक चीज जो कभी नहीं बदलने वाली है और वह ये कि हम सब एक ही बड़े परिवार का हिस्सा हैं।’ पिछली फिल्मों और आने वाली फिल्मों के बीच की कड़ी बनती है फिल्म ‘एवेंजर्स एंडगेम’ की रिलीज के समय सिनेमाघर में फिल्माई गई दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की क्लिपिंग। इसके बाद थानोस से एवेंजर्स भिड़ते हैं और दर्शक सीटियां बजाते हैं।
4 of 5
मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शोरील इसके बाद मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स की आने वाली फिल्मों की झलकियां दिखाती है। शुरूआत ‘ब्लैक विडो’ से होती है। फिर इसके बाद आने वाली फिल्मों की कुछ झलकियां भी इसमें शामिल हैं। हर फिल्म की लोगो प्लेट के साथ फिल्म के रिलीज की संभावित तारीखें इसमें लिखी हैं। और, ये फिल्में जुलाई 2021 से शुरू होकर अगले साल और उसके अगले साल यानी 2023 तक रिलीज होने की कतार में हैं।
5 of 5
मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
अपनी फीचर फिल्मों के इन स्पेशल लुक्स को जाहिर करने के दौरान मार्वेल स्टूडियोज ने दर्शकों की पसंद का खास ध्यान रखा है। ब्लैक पैंथर की कहानी की अगली कड़ी की रिलीज डेट इसमें शामिल है। स्पाइडरमैन सीरीज की अगली फिल्म के बारे में भी इसमें जानकारी है और ‘द मार्वेल्स’ के अलावा ‘द इटरनल्स’ की झलकियां भी इस शोरील में देखी जा सकती हैं।