हॉलीवुड सिनेमा में भले इन दिनों पुरानी क्लासिक फिल्मों को रीबूट करके नए कलाकारों और नई तकनीक के साथ फिर से बनाने का दौर अब जाकर शुरू हुआ हो, हिंदी सिनेमा यह काम 25 साल पहले कर चुका है। जी हां, राजश्री प्रोडक्शंस की सलमान खान और माधुरी दीक्षित स्टारर सुपर डुपर हिट फिल्म हम आपके हैं कौन दरअसल इसी प्रोडक्शन हाउस की एक और सुपर डुपर हिट फिल्म नदिया के पार की रीमेक है। राजश्री ने फिल्म का रजत जयंती वर्ष मनाने के खास इंतजाम किए हैं।
अपने गाने दीदी तेरा देवर दीवाना से जमाने भर को दीवाना बना लेने वाली माधुरी दीक्षित के करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में गिनी जाने वाली फिल्म हम आपेक हैं कौन 5 अगस्त को ही 25 साल पहले रिलीज हुई थी। फिल्म ने कामयाबी के नए कीर्तिमान बनाए और तमाम थिएटर्स में यह फिल्म हफ्तों तक चलती रही। फिल्म में माधुरी के साथ सलमान खान, मोहनीश बहल, रेणुका शहाणे, अनुपम खेर, आलोक नाथ और रीमा लागू जैसे दमदार कलाकारों ने बेहतरीन काम किया।
हम आपके हैं कौन की ही कहानी पर राजश्री ने साल 1982 में एक फिल्म बनाई थी, नदिया के पार। सचिन और साधना सिंह स्टारर यह फिल्म कानपुर के मंजूश्री सिनेमाघर में कई साल तक चलती रही। कानपुर के पड़ोसी जिले उन्नाव में जन्मे गोविंद मूनीस ने निर्देशित की थी। इस फिल्म की रीमेक तेलुगू में प्रेमालयम नाम से बनी। और बाद में राजश्री ने 1994 में इसी के रीबूट संस्करण को हम आपके हैं कौन के नाम से रिलीज किया।
राजश्री प्रोडक्शंस ने फिल्म हम आपके हैं कौन की रजत जयंती मनाने के लिए मुंबई के लिबर्टी सिनेमाघर में आने वाले शुक्रवार को एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
तैयारियों से जुड़े लोगों के मुताबिक इस खास कार्यक्रम में सलमान खान और माधुरी दीक्षित समेत फिल्म की पूरी स्टार कास्ट शामिल होगी। फिल्म हम आपके हैं कौन ने सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय मनोरंजक फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के अलावा दर्जनों पुरस्कार जीते थे।