अपनी खूबसूरत स्माइल और बेहतरीन अभिनय के लिए पहचाने जाने वाली बॉलीवुड की धक-धक गर्ल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। खास बात यह है कि इस बार माधुरी अपने किसी डांस मूव या रियलिटी शो को लेकर नहीं बल्कि अपने एक्स लवर संजय दत्त के साथ अपनी अपकमिंग मूवी 'कलंक' को लेकर सुर्खियों में हैं। करण जौहर की यह फिल्म सबसे बड़े बजट की फिल्म बताई जा रही है। इस फिल्म में माधुरी के साथ संजय दत्त भी नजर आएंगे।
अपनी इस फिल्म के बारे में बात करते हुए माधुरी दीक्षित नेने ने कहा कि वो करण जौहर की फिल्म 'कलंक' में काम करने को लेकर उत्साहित हैं। माधुरी ने बताया, 'मैं शुक्रवार को कलंक की शूटिंग शुरू करने को लेकर उत्साहित हूं। मैं करण जौहर के साथ मराठी फिल्म बकेट लिस्ट के बाद दूसरी बार काम कर रही हूं और अबतक यह सफर प्यारा रहा है। इसका और इंतजार नहीं कर सकती।''
बता दें, कलंक' में माधुरी के साथ संजय दत्त, वरुण धवन, आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य राय कपूर भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। अभिषेक वर्मन द्वारा निर्देशित फिल्म 'कलंक' 19 अप्रैल, 2019 को रिलीज होगी। फिल्म के निर्माता करण जौहर, साजिद नाडियावाला, हीरू यश जौहर और अपूर्व मेहता तथा सह निर्माता कंपनी फॉक्स स्टार स्टूडियोज है।
फिलहाल माधुरी अपनी पहली मराठी फिल्म 'बकेट लिस्ट' की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं। इसके अलावा वह इंद्र कुमार की 'टोटल धमाल' में अनिल कपूर के साथ काम कर रही हैं। इसके अलावा माधुरी '15 अगस्त' के साथ फिल्म निर्माण के क्षेत्र में उतर रही हैं।