अभिनेत्री कृतिका कामरा वेब सीरीज 'ग्यारह ग्यारह' में अपना पुलिस ऑफिसर का अंदाज दिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इसके साथ वे इस सीरीज को लेकर उत्साहित भी हैं। सीरीज में उन्होंने डीएसपी वामिका रावत की भूमिका निभाई है। हाल ही में कृतिका कामरा अमर उजाला के 'शुक्ल पक्ष' में 'ग्यारह ग्यारह' के साथी राघव जुयाल और धैर्य करवा के साथ शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने सीरीज में अपने किरदार को लेकर दिलचस्प खुलासे किए और अपनी निजी जिंदगी के बारे में भी मजेदार बातें बताईं।
Kritika Kamra: 'शुक्ल पक्ष' में कृतिका ने किया ग्यारह ग्यारह के मजेदार मोड़ का खुलासा, किरदार को यूं बनाया खास
अभिनेत्री कृतिका कामरा ने 'ग्यारह ग्यारह' वेब सीरीज की कहानी को लेकर कहा कि इसमें केस के बीच टाइमलाइन आपस में जुड़ रही है, लेकिन कोई टाइम ट्रैवल नहीं है और इसी वजह से उन्हें यह कहानी काफी दिलचस्प लगी, जिसके लिए उन्होंने तुरंत इस कहानी को हां कह दी। अपने किरदार और कहानी के बारे में दिलचस्प खुलासा करते हुए कृतिका ने बताया कि वे इस सीरीज में तीन केस सुलझाते करते हैं और दोनों ही टाइमलाइन में कृतिका का किरदार वहां मौजूद है। दोनों के बीच उम्र का भी अंतर है। 'ग्यारह ग्यारह' बजने पर जो वॉकी-टॉकी का कनेक्शन होता है, वह काफी दिलचस्प है। यह सीन काफी मजेदार है, जिसे भारत में पहले कभी नहीं देखा गया है।
कृतिका ने कहा कि उनके लिए यह किरदार काफी चैलेंजिंग था। उन्होंने कहा कि वे काफी अलग-अलग किरदार निभाना चाहती हैं। पहले गैंगस्टर का किरदार निभा चुकी हैं और अब इस सीरीज में डीएसपी का किरदार निभाने जा रही हैं। अपनी निजी जिंदगी के बारे में भी बताते हुए कृतिका ने कहा कि वे बरेली में काफी कम दिन रही हैं। उनका कानपुर मध्य प्रदेश जैसी जगहों पर बचपन में खूब आना-जाना हुआ है और इतनी जगह पर रहने की वजह से ही उनकी हिंदी इतनी अच्छी हुई है।
सीरीज में पुलिस वाली का किरदार निभाने के बारे में बात करते हुए कृतिका ने बताया कि यह किरदार काफी मुश्किल था। उन्होंने इससे पहले कई सीरीज और फिल्में देखी हैं, जिसमें अन्य अभिनेत्रियों ने महिला पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाई है, लेकिन वे किसी को कॉपी नहीं करती हैं, क्योंकि सबका किरदार और किरदार में घुसने की क्षमता अलग होती है। वे सभी के काम की प्रशंसा करती हैं, लेकिन अपने किरदार को लेकर वह चाहती हैं कि उनका किरदार असली लगे। जब पर्दे पर प्रशंसक उन्हें देखें तो कहें कि हां यह भी एक तरीका है किरदार को लोगों से जोड़ने का।
इसके साथ ही कृतिका कामरा ने बताया कि उन्होंने हाल ही में ओटीटी पर वेब सीरीज 'दहाड़' देखी है, जिसमें उन्होंने पुलिस ऑफिसर के किरदार में सोनाक्षी सिन्हा को देखा। उन्होंने काफी अच्छा अभिनय किया है। कृतिका उनकी तारीफ करती हैं, लेकिन वे चाहती हैं कि 'ग्यारह ग्यारह' में उनका किरदार काफी अलग हो और उसके लिए उन्होंने काफी मेहनत की है।