बॉबी देओल, रितेश देशमुख और अक्षय कुमार के बाद फिल्म 'हाउसफुल-4' में कृति सैनन और जॉनी लीवर की भी एंट्री हो गई है। फिल्म में कृति सैनन अक्षय कुमार के साथ रोमांस करती नजर आएंगी। वहीं, रितेश और बॉबी देओल की हीरोइनों का ऐलान भी जल्द होने वाला है।
कृति सैनन ने कहा, 'हाउसफुल-4 की कास्ट से जुड़कर मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैं अपने घर लौट आई हूं। मैंने अपना सफर साजिद सर की फिल्म हीरोपंती से शुरू किया था। तब से वह मुझे हमेशा गाइड करते आ रहे हैं।' एक्ट्रेस ने कहा, 'मैं उनके साथ काम करने के लिए और इंतजार नहीं कर सकती, वो भी सुपरहिट फ्रैंचाइज हाउसफुल में।' गौरतलब है कि कृति सैनन ने फिल्म 'हीरोपंती' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म को साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूज किया था।
'हाउसफुल-4' संभवत: बॉलीवुड की पहली ऐसी फिल्म होगी जिसे 3D फॉर्मैट में बनाया जाएगा। इसमें वीएफएक्स का इस्तेमाल होगा। यही वजह है कि इसका बजट करीब 75 करोड़ रुपये तय किया गया है।
'हाउसफुल-4' की कहानी पुनर्जन्म पर आधारित होगी। साजिद ने कहा, 'कई ऐसी गंभीर और रोमांटिक फिल्में बनी हैं जो पुनर्जन्म के कॉन्सेप्ट पर आधारित रही हैं जैसे मधुमति, कर्ज, बाहुबली, आदि, तो कोई कॉमेडी फिल्म क्यों नहीं?' खबर है कि फिल्म 'हाउसफुल-4' में सीरीज की पहली तीन फिल्मों के सभी लीड एक्टर्स भी नजर आएंगे।
साजिद नाडियाडवाला की फिल्म 'हाउसफुल-4' का निर्देशन साजिद खान करेंगे। साजिद खान ने ही सीरीज की पहली दो फिल्मों का निर्देशन किया था। हालांकि, कुछ मतभेदों की वजह से साजिद नाडियाडवाला ने सीरीज की तीसरी फिल्म 'हाउसफुल-3' के निर्देशन की जिम्मेदारी साजिद सामजी-फरहाद सामजी की जोड़ी को सौंपी थी।