फिल्म 'हीरोपंती', 'दिलवाले' और 'बरेली की बर्फी' से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन इन दिनों चर्चा में हैं। कृति सेनन जल्दी ऐतिहासिक घटना पर आधारित फिल्म 'पानीपत' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म को लेकर वह काफी एक्साइटेड भी हैं। 'पानीपत' में अपने रोल को अच्छे से निभाने के लिए वे बहुत खास काम कर रही हैं।
खबरों की मानें तो कृति सेनन फिल्म 'पानीपत' के लिए घुड़सवारी सीख रही हैं। इस बात की जानकारी खुद कृति ने अपनी फोटो ट्वीट करके दी है। ट्विटर पर उन्होंने लिखा- ‘इन सुंदरियों के साथ वापस आना बेहतरीन रहा। सुरेश सर और अमातेयोर राइडर्स क्लब के साथ घुड़सवारी क्लासेस दोबारा शुरू, इस बार पानीपत के लिए।’
फिल्म 'पानीपत' में कृति के अलावा एक्टर अर्जुन कपूर और संजय दत्त भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। अभी इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर काम चल रहा है। अभी तक फिल्म का केवल पोस्टर रिलीज किया गया है। इस फिल्म में कृति का रोल क्या होगा फिलहाल इस बात का अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है।
आपको बता दें कि फिल्म पानीपत एक पीरियड ड्रामा है। इस फिल्म में पानीपत का तीसरा युद्ध दिखाया जाएगा। यह युद्ध भारत के इतिहास में सबसे अधिक पॉपुलर और ऐतिहासिक लड़ाइयों में से था। इस फिल्म का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर कर रहे हैं। पीरियड ड्रामा होने के कारण फिल्म का बजट भी काफी बड़ा रखा गया है। यह फिल्म 6 दिसंबर 2019 में रिलीज हो सकती है।