भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। आज खेसारी किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। अपने अभिनय और गायिकी के दम पर वह लाखों दिलों पर राज करते हैं। मगर, यह मुकाम हासिल करने के लिए उन्हें काफी संघर्षों से गुजरना पड़ा। एक दौर था जब खेसारी लिट्टी चोखा बेचकर गुजारा किया करते थे। लेकिन, अपनी प्रतिभा और कड़े संघर्ष के बूते एक्टर ने यहां तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की। आइए जानते हैं इनके बारे में...
Khesari Lal Yadav: कभी लिट्टी चोखा बेचकर घर चलाते थे खेसारी, आज करोड़ों की दौलत के हैं मालिक
खेसारी लाल यादव का जन्म 15 मार्च 1986 को बिहार की सीवान में हुआ। खेसारी का असली नाम शत्रुघ्न कुमार यादव है। उनका बचपन काफी गरीबी में बीता है। खेसारी सात भाई हैं। उनके पिता मंगरू लाल यादव कड़ी मेहनत करके अपने सभी बच्चों को पाला करते थे। ऐसे में पिता का हाथ बटाने के लिए खेसारी लाल भी मजदूरी करने लगे थे। इतना ही नहीं, वह गांव में लौंडा डांस करके भी पैसा जुटाते थे, जिससे परिवार की आर्थिक मदद हो जाया करती।
बता दें कि खेसारी लाल यादव फौज में भी नौकरी कर चुके हैं। लेकिन वह शुरू से मनोरंजन जगत में आना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने फौज की नौकरी छोड़ने का फैसला लिया। इसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर दिल्ली आ गए थे, यहां पर उन्होंने लिट्टी-चोखा बेचने का काम शुरू किया। इसी पैसे से वह अपना घर चलाते थे और लिट्टी-चोखा बेचकर ही उन्होंने अपनी पहली एल्बम के लिए पैसे इकट्ठे किए थे।
Satish Kaushik: सतीश कौशिक केस में आज दर्ज होगा विकास की पत्नी का बयान, जांच को लेकर पुलिस से की यह मांग
खेसारी लाल यादव की पहली एल्बम फ्लॉप साबित हुई थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। एक्टर ने धीरे-धीरे ही सही भोजपुरी सिनेमा में अपने पैर जमा लिए। इसके बाद शुरू हुआ उनकी सफलता का दौर। कई हिट एल्बम देने के बाद खेसारी ने एक्टिंग के क्षेत्र में कदम रखा और यहां भी वह छा गए। उनकी पहली फिल्म 'साजन चले ससुराल' है, जिसमें वह स्मृति सिन्हा के साथ नजर आए थे। इसके बाद उनके पास फिल्मों की लाइन लग गई। खेसारी लाल यादव ने 'मेहंदी लगा के रखना', 'लिट्टी चोखा', 'नागिन', 'दुल्हन वही जो पिया मन भाए' समेत कई फिल्मों में काम किया है।
Amitabh Bachchan: मुश्किल वक्त में बिग बी को फिर याद आए बाबूजी? कही यह बात
कभी गरीबी में जीवन बिताने को मजबूर रहे खेसारी के पास आज करोड़ों की दौलत है। एक्टर खेसारी आज एक आलीशान जिंदगी जीते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक खेसारी लाल यादव एक फिल्म के लिए 50 से 60 लाख रुपये की फीस लेते हैं। इसके अलावा वह विज्ञापन से भी कमाई करते हैं। खेसारी लाल यादव की नेट वर्थ की बात करें तो, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खेसारी करीब 14 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो खेसारी इन दिनों अपनी फिल्म ‘रंग दे बसंती’ को लेकर चर्चा में हैं।
Khushalii Kumar: खुशाली कुमार के हाथ लगी नई फिल्म, इस किताब पर है आधारित