दिग्गज फिल्म मेकर्स करण जौहर और रोहित शेट्टी ने रियलिटी शो 'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार्स' के दोनो विजेताओं को चुन लिया है और इनके नाम का खुलासा शो के फिनाले एपिसोड प्रसारित होने से पहले ही हो चुका है। फाइनल की रेस में आशीष मेहरोत्रा, अमन गंडोत्रा, हर्षवर्धन देओ, श्रुति शर्मा, नताशा भारद्वाज, नैना सिंह पहुंचे थे।
'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार अमन गंडोत्रा और नताशा भारद्वाज ने शो जीत लिया है। अब उन्हें करण जौहर और रोहित शेट्टी की फिल्म में कास्ट किया जाएगा। यह शो दर्शकों की वोटिंग पर निर्भर नहीं था। विजेताओं को खुद दोनों फिल्म मेकर्स ने चुना है। पिछले दिनों दोनों का प्रदर्शन बुरा भी रहा, मगर जजों ने पूरे शो के दौरान दोनों की ओवरऑल परफॉर्मेंस के आधार पर अपना फैसला लिया।
अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए जाने जाने वाले अमन गंडोत्रा कई विज्ञापनों में भी काम कर चुके हैं। वहीं नताशा भारद्वाज 'यामाहा फसीनो मिस टैलेंटेड कॉन्टेस्ट' (2016) में 'मिस डीवा' चुनी गईं। इसके अलावा वह बर्गर के भी एक विज्ञापन में नजर आ चुकी हैं। माना जा रहा है कि इन दोनों एक्टर्स को रणवीर सिंह और सारा अली खान की फिल्म 'सिंबा' में काम करने का मौका मिल सकता है क्योंकि यही इन दोनों दिग्गज फिल्ममेकर्स की अगली फिल्म होगी।
रियलिटी शो 'इंडियाज नेक्स्ट सुपरस्टार्स' के फिनाले में कई टीवी स्टार्स ने भी परफॉर्म किया। करणवीर बोहरा, सनाया ईरानी, प्रियांक शर्मा, अदा खान और अर्जुन बिजलानी ने अपनी एक्टिंग और डांसिंग से जलवे बिखेरे। हालांकि, शो का फिनाले एपिसोड 8 अप्रैल को प्रसारित होगा।
इस शो में 10 लड़कों और 10 लड़कियों ने हिस्सा लिया। इन्हें कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने चुना था। एक्टिंग गुरु बनकर फिल्म मेकर महेश भट्ट ने कंटेस्टेंट्स को एक्टिंग की बारीकियां सिखाईं। इसके अलवा प्रतिभागियों को पर्सनैलिटी डेवलप्मेंट, डांसिंग, फिटनेस की भी ट्रेनिंग दी।