जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर की फिल्म 'धड़क' धीमी रफ्तार से ही सही लेकिन बॉक्स ऑफिस पर अब भी कमाई कर रही है। इस फिल्म को रिलीज हुए 13 दिन बीत चुके हैं और अब तक इसका कलेक्शन मराठी फिल्म 'सैराट' का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया है। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि 'धड़क' बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचेगी लेकिन ऐसा न हो सका।
'धड़क' फिल्म के कलेक्शन को देखकर इतना तो तय है कि जाह्नवी और ईशान की धड़क लोगों को ज्यादा रास नहीं आई। इस फिल्म से श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने बॉलीवुड में एंट्री की थी तो वहीं शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर की यह दूसरी फिल्म थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक 'धड़क' के बुधवार का कलेक्शन भी कुछ खास नहीं रहा। सूत्रों की मानें तो 'धड़क' ने 13 वें दिन 1 करोड़ के करीब कमाई की है। ट्रेड पंडितों की मानें तो जाह्नवी और ईशान की 'धड़क' जल्द ही 70 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी। लिहाजा यह फिल्म इस हफ्ते के आखिर तक अपना पूरा बजट निकालने में कामयाब हो जाएगी।
'धड़क' के पूरे कलेक्शन पर नजर डालें तो जाह्नवी कपूर की 'धड़क' ने पहले दिन यानी शुक्रवार को 8.71 करोड़, शनिवार को 11.04 करोड़ और रविवार को कलेक्शन 13.92 करोड़, सोमवार को 5.52 करोड़, मंगलवार को 4.76 करोड़ ,बुधवार को 4.06 करोड़ और गुरुवार को 3.55 करोड़ और शुक्रवार को 2.61 करोड़ की और शनिवार को 4.02 करोड़ और रविवार को 5.20 करोड़ की कमाई की। वहीं सोमवार, मंगलवार और बुधवार के कलेक्शन को मिलाकर 'धड़क' का अब तक का कुल कलेक्शन 68 करोड़ के करीब पहुंच गया है।
सिनेमाघरो में 'धड़क' की स्क्रीन भी कम हो गई है। ऐसे धड़क का 100 करोड़ का आंकड़ा पार करना नामुमकिन लग रहा है जिसकी वजह शुक्रवार को ऋषि कपूर की फिल्म 'मुल्क' का रिलीज होना है। इस 'फिल्म' का मीडिया के लिए इस फिल्म का प्रीमियर हो चुका है और हर कोई इस फिल्म की तारीफ कर रहा है। फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा ऋषि कपूर की 'मुल्क' फिल्म जाह्नवी की 'धड़क' के कलेक्शन पर कितना ब्रेक लगाती है।