International Day Against Drug Abuse 2020: 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को नशा और इससे होने वाले कुप्रभाव के प्रति जागरूक करना है। ड्रग्स का सेवन करने की लत एक सामाजिक और मनोवैज्ञानिक समस्या है। बॉलीवुड में भी कई ऐसे सेलेब्स रहे हैं जिन्हे नशे की लत थी लेकिन अब वह इससे दूर हो चुके हैं और खुशहाल जिंदगी जी रहे हैं।
कभी नशे के आदी हो गए थे संजय दत्त और पूजा भट्ट सहित ये सेलेब्स, फिर ऐसे दी इस लत को मात
स्मिता पाटिल और राज बब्बर के बेटे प्रतीक बब्बर 12 साल की उम्र में ही ड्रग्स के आदी हो गए थे। इससे छुटकारा दिलाने के लिए उन्हें दो बार रिहैब सेंटर में भेजा गया था। हालांकि आज वो इस आदत से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं और अपनी जिंदगी हंसी खुशी जी रहे हैं।
29 जुलाई 1959 को संजय दत्त के पैदा होने के बाद महान अदाकारा नरगिस ने कभी नहीं सोचा होगा कि उनका बेटा जिंदगी भर किन- किन आड़े-तिरछे रास्तों से गुजरेगा। सुनील दत्त ने कई बार बताया था- एक बार कश्मीर में मजाक में उन्होंने संजू को सिगरेट पकड़ाई तो वो पूरी सिगरेट पी गए जिसे देखकर वे हैरान रह गए। धीरे-धीरे उन्हें ड्रग्स की लत लग गई। हालांकि उनके पिता सुनील दत्त ने ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया संजय को ड्रग्स की लत से पीछा छुड़वाने में। सुनील दत्त उन्हे इलाज के लिए अमरीका में एक नशा उन्मूलन केंद्र ले गए जहां लंबे इलाज के बाद संजय दत्त ने ड्रग्स को अलविदा कहा और दोबारा बॉलीवुड में काम शुरु किया।
धर्मेंद्र
बॉलीवुड के 'हीमेन' यानी धर्मेंद्र ने फिल्म यमला पगला दीवाना 2 के प्रमोशन के दौरान बताया कि कैसे उनके करियर को नशे की आदत ने बर्बाद कर डाला था। धर्मेंद्र हमेशा ओवर लिमिट शराब का सेवन करते थे। लेकिन 2011 से उन्होंने अपने स्वास्थ्य की चिंता कर इस बुरी आदत को छोड़ दिया है।
पूजा भट्ट
एक्ट्रेस पूजा भट्ट कई बार अपनी शराब की लत का जिक्र कर चुकी हैं। कुछ वक्त पहले पूजा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा था- आज मुझे नशा छोड़े हुए दो साल और 10 महीने हो गए। अब अतीत को प्रतिबिंबित करने और आत्मसात करने का समय है, आखिरकार कल किसने देखा है? आप में से जो कोई भी अपने अंदर के राक्षस से लड़ाई लड़ रहा है और लत से जूझ रहा है, आपको पता होना चाहिए कि आप अकेले नहीं हैं। अगर मैं कर सकती हूं तो आप भी कर सकते हैं।