फिल्म नगरी मुंबई के फिल्म, टेलीविजन और वेब सीरीज निर्देशकों की इकलौती संस्था इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) में अब कोई भी पदाधिकारी कितने भी समय तक लगातार चुनाव लड़ सकता है। पदाधिकारियों के लगातार दो बार चुने जाने के बाद गैप लेने की व्यवस्था इस साल से खत्म कर दी गई है। ये जानकारी इफ्टडा के अगले महीने होन जा रहे चुनावों की सूचना के साथ संस्था के सदस्यों को दी गई है। इफ्टडा की योजना मुंबई में एक फिल्म स्कूल खोलने की भी है। इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) की 63वीं आम सभा और इसके त्रैवार्षिक चुनावों की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ये चुनाव इस साल 15 अगस्त के दिन सुबह 9 बजे से लेकर 6 बजे तक होंगे।
इस बारे में जारी जानकारी में कहा गया है कि इफ्टडा ने अपनी मातृसंस्था फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडियन सिने एम्प्लॉइज (एफडब्लूआईसीई) के सहयोग से बीते साल 21 करोड़ रुपये का चंदा इकट्ठा किया। चुनाव की जानकारी के लिए अपने सदस्यों को भेजे गई संस्था की रिपोर्ट में उन सभी निर्माताओं और अभिनेताओं का भी उल्लेख किया गया है जिन्होंने कोरोना प्रभावित कलाकारों और तकनीशियों को आर्थिक मदद की।
2 of 5
इफ्टडा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) की त्रैवार्षिक बैठक इस साल 8 अगस्त को बुलाई गई है। यह बैठक 8 अगस्त को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक वीरा देसाई रोड स्थित एमवीएम एजूकेशनल कैंपस में होगी। इसी स्थान पर संस्था के चुनाव भी 15 अगस्त को सुबह 9 बजे से 6 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। चुनावों के लिए नामांकन पत्रों के वितरण का काम शुरू हो गया है।
3 of 5
इफ्टडा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
चुनाव के बाबत जारी सूचना और संस्था की वार्षिक रिपोर्ट में 15 सितंबर 2019 को हुई आकस्मिक बैठक की भी जानकारी दी गई है जिसमें संस्था के संविधान में किए गए बदलावों की जानकारी है। सबसे अहम बदलाव इसके क्लॉज 13 (सी) में किया गया है। इस बदलाव के बाद अब संस्था के पदाधिकारी लगातार चुनाव लड़ सकते हैं और उन्हें दो कार्यकाल के बाद गैप लेने की जरूरत नहीं रहेगी।
4 of 5
इफ्टडा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) के चुनाव में संस्था के वही सदस्य चुनाव लड़ सकेंगे जो संस्था की तरफ से तय सारी योग्यताएं पूरी करते हैं और जिनको संस्था का सदस्य बने कम से कम तीन साल हो गए हों। एक व्यक्ति सिर्फ एक पद के लिए ही चुनाव लड़ सकेगा। नामांकन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2021 है, इस दिन ये फॉर्म नॉमीनेशन फीस के साथ शाम साढ़े 6 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। नतीजों की घोषणा मतदान वाले दिन ही रात 10 बजे तक कर दी जाएगी।
5 of 5
इफ्टडा
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इफ्टडा की इस रिपोर्ट में एक अहम जानकारी ये भी है कि इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) ने बीते साल मुंबई में एक फिल्म स्कूल खोलने की योजना भी बनाई थी। इस स्कूल के कामकाज की शुरूआत पिछले साल जनवरी में होनी थी और इसका विधिवत उद्घाटन अप्रैल 2020 में प्रस्तावित किया गया था। लेकिन, कोरोना संक्रमण के चलते इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (इफ्टडा) अपना ये महत्वाकांक्षी कार्य शुरू नहीं कर पाई। इस संस्था की देखरेख के लिए इफ्टडा ने स्वप्ना वाघमरे जोशी की तैनाती भी कर ली थी।