‘मुझे भी कभी बेचारा समझना चाहिए था’, सैफ अली खान ने क्यों कही ये बात? बोले- ‘अमीरों की भी स्ट्रगल होती है यार’
Saif Ali Khan: फिल्म 'हैवान' 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। अक्षय कुमार के साथ सैफ अली खान इस फिल्म में अहम भूमिका में हैं। हाल ही में सैफ ने अपने जीवन के स्ट्रगल और मुश्किलों पर बात की।
विस्तार
फिल्म ‘हैवान’ में सैफ अली खान नेत्रहीन शख्स का किरदार निभा रहे हैं। किरदार की मुश्किलों और उसके ‘बेचारेपन’ पर बात करते हुए जब सैफ से पूछा गया कि क्या असल जिंदगी में कभी किसी ने उन्हें भी ‘बेचारा’ समझा है, तो उनका जवाब सुनकर हंसी आ जाती है।
‘मुझे भी कभी बेचारा समझना चाहिए था’
अमर उजाला डिजिटल से बातचीत के दौरान, सैफ ने हंसते हुए कहा, ‘नहीं-नहीं। मेरी लाइफ में किसी ने मुझे बेचारे की नजर से नहीं देखा, जो शायद देखना चाहिए था। आई विश वो देखते। लेकिन लोगों की सोच ये है कि अगर ऐसे बैकग्राउंड का आदमी हो तो कभी बेचारा हो ही नहीं सकता। जो एक तरफ से सही है, तो हमें वो सिम्पैथी मिले ऐसी उम्मीद नहीं करनी चाहिए और हम करें भी नहीं।’
‘अमीर लोगों की भी स्ट्रगल होती है यार’
सैफ ने अपनी बात को मजाकिया अंदाज में आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘सच्चाई ये है कि मुश्किलें हर किसी की लाइफ में आती हैं। कैसे उनका सामना करना है, कैसे स्ट्रगल करना है। अमीर लोगों की भी स्ट्रगल होती है यार, लेकिन उनको वो इतनी इंटरेस्टिंग नहीं होती या उन्हें शिकायत नहीं करनी चाहिए कि ओ हो, मैं कौन-सी गाड़ी में बैठा हूं...’ (हंसते हुए)
स्ट्रगल की कहानियां सैफ को भी करती हैं इंस्पायर
सैफ मानते हैं कि संघर्ष की कहानियां सुनना उन्हें भी अच्छा लगता है और ऐसी कहानियां उन्हें प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा, ‘दरअसल, हमारा साइकोलॉजी भी ऐसा होता है। स्ट्रगल की बातें सुनना अच्छा लगता है, चाहे वो कितना रिलेट कर पाए या न कर पाए। मुझे भी अच्छा लगता है।’
अपनी जिंदगी को लेकर सैफ कहते हैं कि उन्हें काफी कुछ मिला है और लोगों से प्यार और सम्मान भी मिलता है। ‘मुझे लगता है कि मुझे काफी कुछ मिला है और प्यार भी मिलता है और इज्जत भी मिलती है, तो मुझे नहीं लगता कि किसी चीज की ऐसी कमी है।’