80 के दशक में अपने नाम से बॉलीवुड में डंका बजाने वाली टीना मुनीम आज अपना 61वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। 11 फरवरी 1957 में टीना का जन्म मुंबई में हुआ था। 1975 में 'फेमिना टीन प्रिंसेस' का क्राउन जीतकर टीना ने बॉलीवुड में करियर की शुरुआत की। हालांकि टीना उस समय मुनीम हुआ करती थीं। अनिल अंबानी से शादी के बाद टीना मुनीम सरनेम बदलकर अंबानी हो गईं।
देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन के बेटे अनिल अंबानी का दिल आया बॉलीवुड एक्ट्रेस टीना मुनीम पर लेकिन टीना मुनीम की जिंदगी में थे संजय दत्त। टीना मुनीम, संजय दत्त से इतना प्यार करती थी कि उन्होंने देव आनंद की कई फिल्मों में काम करने से मना कर दिया था और संजय दत्त के साथ रहने लगी थीं।
संजय दत्त को ड्रग्स की लत थी जिसके बाद ना चाहते हुए भी टीना संजय दत्त से दूर हो गईं। संजय दत्त के बाद टीना मुनीम की जिंदगी में आए राजेश खन्ना लेकिन दोनों का प्यार शादी तक नहीं पहुंचा क्योंकि शायद टीना मुनीम के हाथों पर अनिल अंबानी के नाम की मेहंदी लगनी थी। टीना मुनीम और अनिल अंबानी की लव स्टोरी किसी कहानी से कम नहीं है। दो अजनबियों को मिलना, फिर प्यार होना, घरवालों की मनाही और तमाम उतार-चढ़ाव के बाद यह प्रेम कहानी अपनी मंजिल तक पहुंची। एक शादी में अनिल अंबानी ने टीना मुनीम को पहली बार देखा था।
अनिल टीना के प्यार में दीवाने हो गए लेकिन उनका परिवार टीना से शादी के सख्त खिलाफ था क्योंकि उन्हें टीना का एक्ट्रेस होना पसंद नहीं था। ऐसे में दोनों के बीच ब्रेकअप हो गया था। साल 1989 में अमेरिका में भूकंप आया जिसके बाद टीना और अनिल अंबानी हमेशा के लिए एक-दूसरे के हो गए। दरअसल अमेरिका के लॉस एंजिल्स में बड़ा भूंकप आया था। उस दौरान टीना भी वही थीं।
ऐसे में अनिल अंबानी ने टीना मुनीम का नंबर खोजा और उन्हें फोन कर उनका हालचाल पूछा जिसके बाद दोनों की बातचीत फिर शुरू हो गई। आखिरकार अनिल अंबानी की जिद के आगे परिवार को घुटने टेकने पड़े। अंत में परिवार शादी के लिए राजी हो गया और 1991 में अनिल अंबानी और टीना मुनीम की शादी हुई। टीना ने 35 से भी ज्यादा बॉलीवुड फिल्में की हैं लेकिन शादी के बाद उन्होंने बॉलीवुड और ग्लैमरस लाइफ को छोड़ दिया।
टीना कई इंटरव्यू में ये कहती रही हैं कि उनके पति अनिल ने उन्हें आज तक किसी भी चीज के लिए मना नहीं किया और ऐसा कुछ भी नहीं उनके जीवन में जो वे पाना चाहती हों और पा न सकी हों। टीना मुनीम और अनिल अंबानी की कहानी किसी परियों की कहानी से कम नहीं है। बता दें टीना-अनिल के दो बेटे हैं जय अनमोल अंबानी और जय अंशुल अंबानी।