संगीत की दुनिया में टी सीरीज नाम से तहलका मचाने वाले गुलशन कुमार की आज बर्थ एनिवर्सरी है। गुलशन कुमार का नाम फिल्मी दुुनिया की उन हस्तियों में शुमार हैं जिन्होंने महज कम समय में ही शोहरत की उन बुलंदियों को हासिल कर लिया था, जहां पहुंच पाना हर किसी का सपना होता है। दिल्ली के रहने वाले गुलशन कुमार देखते ही देखते संगीत की दुनिया के बेताज बादशाह बन गए। तो चलिए आज आपको उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ अनकहीं बातों को बताते हैं।
गुलशन कुमार का पूरा नाम गुलशन कुमार दुआ है। गुलशन पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। गुलशन कुमार के पिता चंद्र भान दुआ दिल्ली के दरियागंज में जूस की दुकान चलाते थे जिसमें गुलशन उनका साथ देते थे। इसके बाद उन्होंने यह काम छोड़ दिल्ली में ही कैसेट्स की दुकान खोल ली जहां पर वह सस्ते दाम में गानों की कैसेट्स बेचा करते थे।
जैसे ही काम धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा गुलशन कुमार ने नोएडा में 'टी सीरीज' नाम से म्यूजिक कंपनी खोली और बाद में मुंबई शिफ्ट हो गए। गुलशन कुमार की कंपनी ने करीब 10 सालों में फिल्म इंडस्ट्री में अपनी धाक जमा ली। इसके साथ ही गुलशन कुमार ने कई सारे गायकों को लॉन्च भी किया जिसमें सोनू निगम, अनुराधा पौडवाल, कुमार सानू जैसे नाम शामिल हैं। यहां तक कि गुलशन कुमार ने अपने भाई कृष्णन कुमार दुआ को बॉलीवुड में एंट्री दिलाई हालांकि वह जगह बनाने में फेल हो गए।
गुलशन कुमार खुद भी गायक थे और ज्यादातर भक्ति वाले गाने उन्होंने ने ही गाए हैं। जिसमें 'मैं बालक तू माता शेरा वालिए' गाना सबसे ज्यादा हिट हुआ। गुलशन कुमार ने टी सीरीज के जरिए संगीत को लोगों के घर-घर पहुंचाने का काम किया।
गुलशन कुमार की हत्या 12 अगस्त 1997 को मुंबई के एक मंदिर के बाहर गोली मार दी गई थी। गुलशन कुमार की हत्या के पीछे अंडरवर्ल्ड का हाथ था। कहा जाता है कि गुलशन कुमार ने जबरन वसूली की मांग के आगे झुकने से मना कर दिया था, जिसकी वजह से उनकी हत्या कर दी गई थी।