श्रीदेवी अपनी बेटी जाह्नवी कपूर की पहली फिल्म 'धड़क' के लिए काफी एक्साइटेट थीं। वह चाहती थीं कि उनकी बेटी उनकी नजरों के सामने बॉलीवुड का वह सितारा बनें जिसकी चमक कभी भी फीकी नहीं पड़े। श्रीदेवी भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन जाह्नवी ने उनके इस सपने को साकार कर दिया है। 'धड़क' फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है जिसे लोगों का खूब प्यार मिल रहा है। ट्रेलर रिलीज के दौरान जब पत्रकार ने जाह्नवी से श्रीदेवी से संबंधित एक सवाल किया तो वह भावुक हो गईं।
धड़क के ट्रेलर लॉन्च के दौरान जाह्नवी और ईशान ने पत्रकारों के सवालों का एक-एक करके जवाब दिया। हालांकि कहीं-कहीं जाह्नवी नर्वस दिखीं लेकिन बाद में उन्होंने खुद को संभाल लिया।
इस दौरान एक पत्रकार ने जब जाह्नवी से पूछा कि आप अपनी पहली फिल्म को किसे डेडीकेट करना चाहती हैं? यह सवाल सुनकर जाह्नवी कुछ सेकेंड तक शांत रही इसके बाद खुद को संभालते हुए उन्होंने जवाब दिया। जाह्नवी ने कहा कि 'मैं मॉम को बहुत मिस कर रही हूं।' यह लाइन बोलकर जाह्नवी शांत हो गईं।
सवाल का जवाब देते हुए जाह्नवी की आवाज काफी भावुक लग रही थी जिसमें उनका दर्द साफ नजर आ रहा था। जाह्नवी की इस दर्द भरी आवाज को सुनकर करण जौहर और शशांक खेतान उन्हें देखते रह गए। इसके बाद करण और शशांक ने माहौल को संभालने की कोशिश की।
आपको बता दें, 'धड़क' साल 2016 में आई ब्लॉकबस्टर मराठी फिल्म 'सैराट' की हिंदी रीमेक है। सैराट की कहानी हॉरर किलिंग पर आधारित थी। फिल्म में गरीब दलित लड़के को एक अमीर ऊंची जाति की लड़की से प्यार हो जाता है जिसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है।