मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस सुरवीन चावला के लाखों दीवानों के लिए बहुत बुरी खबर। उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है, शायद अब वे जेल जाएं।
दरअसल, हिंदी-पंजाबी फिल्मों की मशहूर अदाकारा सुरवीन चावला, उनके पति अक्षय ठक्कर और भाई मनविंदर के खिलाफ करीब 2 वर्ष पहले रिलीज हुई फिल्म ‘निल बटे सन्नाटा’ को लेकर 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है। शुक्रवार को प्रेस क्लब में एक पत्रकार वार्ता में फिल्म के सहायक निर्माता पंकज गुप्ता के पिता सतपाल गुप्ता के वकील नवीन जैरथ ने तीनों के खिलाफ दर्ज केस की कापियां दिखाईं।
इस मौके पर होशियारपुर के कारोबारी सतपाल गुप्ता ने बताया कि सुरवीन चावला का भाई मनविंदर सिंह उनके बेटे पंकज गुप्ता का वाकिफ था। उसी ने उन्हें सुरवीन और अक्षय ठक्कर के साथ मिलवाया था। उन्होंने उसे 2014 में कहा कि वे ‘निल बटे सन्नाटा’ नाम की फिल्म बना रहे हैं। अगर आप लोन के तौर पर फिल्म बनाने के लिए पैसे देंगे तो थोड़े समय में ही अच्छा कमा लेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि 50 लाख की इन्वेस्टमेंट वह 6 माह में वापस कर देंगे।
आरोपियों ने कहा कि 51 लाख रुपये जार पिक्चर्स प्रोडक्शन हाउस के अकाउंट में जमा करवाने हैं। इसमें 11 लाख रुपये सुरवीन चावला को जाएंगे और बाकी फिल्म में लगेंगे। इसके बाद उन्होंने जार पिक्चर्स और सुरवीन चावला के अकाउंट में कुल 51 लाख जमा करा दिए। इनमें 11 लाख रुपये की एक अदायगी तकनीकी खराबी के कारण कैंसल हो गई, जिसका अकाउंट की स्टेटमेंट से पता लगा। कुल 40 लाख उनके पास पहुंच गए।
तीनों फिल्म पूरी होने तक संपर्क में रहे
गुप्ता ने बताया कि तीनों फिल्म पूरी होने तक उनके संपर्क में रहे और उसे 70 लाख देने की बात की। 22 अप्रैल 2016 को फिल्म रिलीज हो गई। इसके बाद उनका व्यवहार बिलकुल बदल गया। बार-बार कहने पर भी उन्होंने फिल्म के अकाउंट के संबंध में जानकारी नहीं दी। जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो वे हैरान रह गए कि फिल्म के अकाउंट स्टेटमेंट में 40 लाख रुपये का लोन आरोपी अक्षय ठक्कर द्वारा जार पिक्चर्स को दिया हुआ दिखाया गया। स्टेटमेंट में उनका कहीं भी जिक्र नहीं था। इस पर उन्होंने बैंक से फंड ट्रांसफर की डिटेल निकलवाई। इसके आधार पर उन्होंने तीनों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया।