करोड़ों दिलों की धड़कन सिंगर डांसर सपना चौधरी को 'बेइज्जत' किया गया है। दरअसल, एक युवक ने ट्विटर पर उनके खिलाफ अपशब्द लिख दिए।
जम्मू में हुए रसाना कांड में एक समुदाय को बदनाम किए जाने के विरोध में नाराजगी जताते हुए हरियाणवी गायिका और डांसर सपना चौधरी के ट्विटर अकाउंट पर शुक्रवार को ट्विट कर संभल के एक युवक ने अपशब्द कहे। सपना चौधरी ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी और संभल पुलिस से की।
शिकायत के दो घंटे बाद जवाब में यूपी पुलिस ने भी ट्वीट कर कार्रवाई के आदेश आईजी मुरादाबाद और संभल के एसपी को दिए हैं। वहीं दूसरी ओर यूपी पुलिस ने सपना चौधरी से कहा है कि उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई जा रही है।
अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संभल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। हरियाणवी गायिका और डांसर सपना चौधरी के नाम से बने ट्विटर अकाउंट पर शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे के करीब ट्विट कर सपना चौधरी के बारे में अपशब्द लिखे गए थे।
यह ट्वीट एके खान कोबरा नाम से बनाए गए ट्विटर अकाउंट से भेजा गया है। आरोपी ट्विटर यूजर संभल का रहने वाला बताया जा रहा है। इसलिए इस मामले में ट्विटर पर यूपी पुलिस के अलावा संभल पुलिस से भी शिकायत कर सपना चौधरी ने प्रकरण में जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।