काला हिरण का शिकार करने के दोषी पाए गए सलमान खान को 5 साल की सजा सुनाए जाने के बाद जोधपुर जेल लाया गया, जहां उसकी जान को खतरा बताया जा रहा है। सबकुछ जानते हुए भी पुलिस गंभीर नहीं दिख रही। आखिर क्यों सलमान की जान को खतरा है और पुलिस गंभीर क्यों नहीं? जानिए, पूरा मामला..
दरअसल, तीन महीने पहले इसी केस की पिछली सुनवाई के दौरान जोधपुर कोर्ट के बाहर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। इसका वीडियो भी वायरल हो गया था। वीडियो में लॉरेंस ने कहा था, 'वैसे तो मैं छात्र नेता हूं। पुलिस का तो काम है आरोप लगाना लेकिन अब हम जो करेंगे कुछ खुलकर करेंगे। सलमान खान को जब हम जोधपुर में मारेंगे, तब इन्हें पता चलेगा।' सलमान को जिस सेंट्रल जेल में रखा गया है वहां गैंगस्टर लॉरेंस भी रह चुका है।
कहा जा रहा है कि लॉरेंस के कई गुर्गे अब भी इसी जेल में बंद हैं। आशंका यह भी जताई जा रही है कि लॉरेंस के गुर्गें यहां सलमान खान पर हमला कर सकते हैं, हालांकि जेल डीआई विक्रकम सिंह ने ऐसी किसी भी आशंका से साफ इनकार करते हुए जेल को पूरी तरह से सुरक्षित बताया है। मौजूदा समय में हत्या केस में लॉरेंस बिश्नोई जेल में सजा काट रहा है। लॉरेंस ने सलमान खान को धमकी देकर सनसनी मचा दी थी। सोशल मीडिया पर सलमान खान को धमकी देने का वीडियो फिर शेयर किया जा रहा है।
बता दें कि काले हिरण के शिकार मामले में सलमान खान का नाम आने के बाद से ही विश्नोई समाज उनके खिलाफ खड़ा है। बिश्नोई समाज वन्य जीवों को अपने बच्चों की तरह प्यार करने के लिए जाना जाता है। लॉरेंस भी विश्नोई समाज का सदस्य है। जनवरी में लॉरेंस ने पुलिस की मौजूदगी में सलमान को जोधपुर में ही मारने की धमकी दी थी। डीआईजी सिंह के अनुसार जेल में हाईप्रोफाइल कैदियों की सुरक्षा के लिहाज से उन्हें एक ही जगह रखने की व्यवस्था की जा सकती है। जेल पूरी तरह सुरक्षित है।
आपको बता दें, यह पूरा मामला 'हम साथ-साथ है' फिल्म की शूटिंग के दौरान का है। विश्ननोई समाज के लोगों ने सलमान और बाकी एक्टर्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस मामले में सलमान खान को 5 साल की सजा सुना दी गई है और उन्हें अब तुरंत जेल जाना पड़ेगा। बेल के लिए सलमान खान को सेंशन कोर्ट में अपील करना पड़ेगा जिसमें थोड़ा समय जरूर लग सकता है।कहा जा रहा है कि फैसला सुनते ही सलमान की आंखों में आंसू आ गए थे। सलमान के फैंस काफी निराश हैं।