काला हिरण के शिकार मामले में दोषी करार दिए गए फिल्म अभिनेता सलमान खान का अलीगढ़ से ‘दिल’ का रिश्ता है। वह जन्मजात हृदय दोष से ग्रसित 60 से अधिक बच्चों का उपचार करा चुके हैं। उन्होंने एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में 25 लाख की धनराशि से ईको कार्डियोग्राफी मशीन भी लगवाई है।
सलमान खान जनवरी 2014 में सैफई महोत्सव में शामिल हुए थे। वहां पर उन्होंने जेएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के तत्कालीन अध्यक्ष एवं वर्तमान में सह कुलपति प्रो. तबस्सुम शहाब को 25 लाख रुपये का चेक प्रदान किया था।
इसके साथ ही ‘जन्मजात हृदय दोष’ से ग्रसित बच्चों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया था। उन्होंने बीइंग ह्यूमन द सलमान खान फाउंडेशन के माध्यम से अलीगढ़ और आसपास के करीब 60 से अधिक बच्चों का उपचार कराया था।
इन बच्चों का चयन जेएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग द्वारा किया गया था। उनका उपचार गुरुग्राम के फोर्टिस हास्पिटल में हुआ था। एक ऑपरेशन में करीब डेढ़ से तीन लाख रुपये खर्च आते हैं।
सलमान खान द्वारा दिए गए 25 लाख रुपये से बाल रोग विभाग में ईको कार्डियोग्राफी मशीन लगवाई गई है। यह मशीन बच्चों के उपचार में बहुत मददगार साबित हो रही है।