डायरेक्टर फराह खान की फिल्म 'मै हूं ना' में शाहरुख के भाई लकी यानी लक्ष्मण प्रसाद शर्मा के रोल से पॉपुलर हुए जायद खान का जन्म 5 जुलाई 1980 को मुंबई में हुआ था। जायद खान के पिता संजय खान खुद भी एक्टर रहे हैं। उनकी मां का नाम जरीन खान हैं जो कि एक इंटीरियर डिजाइनर हैं।
चार भाई-बहनों सिमोन, सुजैन, फराह के बाद जायद हैं। घर में सबसे छोटे होने की वजह से जायद का बचपन काफी लाड प्यार से बीता है। बता दें कि सुजैन ऋतिक रोशन की पत्नी रह चुकी हैं। 17 साल साथ रहने के बाद दोनों ने 2014 में तलाक ले लिया था।
जायद ने अपनी स्कूली पढ़ाई देहरादून के वेल्हम ब्वॉयज स्कूल और तमिलनाडु के कोडाइकनाल इंटरनेशनल स्कूल से की है। जायद की पत्नी मलाइका पारेख भी उनके साथ इसी स्कूल में पढ़ती थीं। आगे की पढ़ाई के लिए जायद लंदन गए, जहां उन्होंने लंदन फिल्म एकेडमी से फिल्म मेकिंग कोर्स भी किया है।
डायरेक्टर संगीत सिवान की फिल्म 'चुरा लिया है तुमने' से जायद ने साल 2003 में बॉलीवुड में एंट्री की थी। इस फिल्म में उनकी बचपन की दोस्त ईशा देओल उनके अपोजिट थीं। इसके बाद जायद ने 'शादी नंबर वन', 'दस', 'फाइट क्लब', 'मिशन इस्तांबुल' और सलमान खान संग 'युवराज' जैसी फिल्में कीं। फिल्मों में फ्लॉप रहने के बाद जायद ने टीवी की ओर रुख किया। फिलहाल वो रोमांटिक और थ्रिलर टीवी शो 'हासिल' में नजर आ रहे हैं।
जायद खान ने साल 2005 में अपनी बचपन की दोस्त मलाइका पारेख से शादी की थी। एक इंटरव्यू के दौरान जायद ने बताया था कि उन्होंने मलाइका को तीन बार प्रपोज किया था। तीनों बार की तीन रिंग अब भी मलाइका के पास है। बताया जाता है कि जायद और मलाइका शादी से 10 साल पहले से एक-दूसरे को जानते थे। जायद और मलाइका अब दो बेटों जिदान और आरिज के पैरेंट्स हैं।