एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता और नाना पाटेकर के बीच में शुरू हुआ विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। बॉलीवुड के नामी सितारों की तरफ से प्रतिक्रिया आने के बाद इस मामले ने अब एक बड़ा रूप ले लिया है। हॉर्न ओके प्लीज की असिस्टेंट डॉयरेक्टर शाइनी ने तनुश्री को सही बताते हुए एक चौंका देने वाला खुलासा किया है। शाइनी ने अपने बयान में कहा है कि जब फिल्म हॉर्न ओके प्लीज की शूटिंग हो रही थी, तब तनुश्री नाना पाटेकर के साथ काम करने में असहज हो रही थीं।
शाइनी ने कहा है कि 'एक आइटम सांग की शूटिंग के बाद फिल्म की शूटिंग जल्द ही खत्म होने वाली थी। फिल्म को लेकर सारा काम लगभग पूरा हो गया था, फिल्म का गाना शूट हो रहा था। वैसे आमतौर पर जब गाना शूट किया जाता है तो वहां असिस्टेंट डॉयरेक्टर नहीं होते हैं, लेकिन हम सेट पर ही थे। हम सभी यह देख सकते थे कि शूटिंग के दौरान तनुश्री खुद को काफी असहज महसूस कर रही थीं। जब यह घटना हो रही थी मैं वहां से थोड़ी ही दूर पर बैठी थी। इसलिए मैं यह नहीं बता सकती कि असली बात वहां क्या हुई थी'।
लेकिन मैंने यह देखा कि तनुश्री बहुत अप्सेट थीं। वह गुस्से में वैनिटी वैन में चली गई। सेट पर सभी बातें करने लगे। मैं यह नहीं कह सकती कि नाना वैनिटी वैन में गए थे कि नहीं। लेकिन कुछ समय बाद तनुश्री सेट पर वापस आईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। सेट पर लोग कह रहे थे कि हीरोइन कॉपरेट नहीं कर रही है। सभी उनको शांत करने में लगे हुए थे। मेरे डॉयरेक्टर मुकेश सारंग मराठी में सभी से बात कर रहे थे। तनुश्री इसी बीच गुस्से में अपनी कार में जाकर बैठ गईं। बाद में तनुश्री की जगह राखी सावंत को ले लिया गया।
आपको बता दें कि नाना पाटेकर ने तनुश्री के आरोपों को एक सिरे से खारिज कर दिया है। नाना ने कहा है कि, वह जल्द ही तनुश्री पर कानूनी कार्यवाही करेंगे। वहीं कहा जा रहा है कि तनुश्री को आज शाम तक कानूनी नोटिस मिल जाएगा, जिसके बाद ही पता चलेगा कि यह विवाद अब क्या नया मोड़ लेगा।