प्रोड्यूसर एकता कपूर के सीरियल 'कसम से' में जिज्ञासा का अहम किरदार निभाने वालीं एक्ट्रेस अश्विनी कलसेकर को लोग उनके नाम से कम लेकिन उनके काम से ज्यादा जानते हैं। उन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में भी किया है। बात करें उनके पारिवारिक जीवन की तो उन्होंने नौ साल पहले एक ऐसे एक्टर से दूसरी शादी की थी जो बॉलीवुड में विलेन के रोल करने के लिए जाना जाता है...तो आइए जानते हैं इनके बारे में...
अश्विनी अपने शानदार अभिनय के चलते इंडियन टेली अवार्ड और इंडियन टेलीविजन अवार्ड जैसे कई पुरस्कार जीत चुकी हैं। अश्विनी कलसेकर ने अपने टीवी करियर की शुरुआत साल 1995 में शो सीआईडी से की थी। इसके बाद वह शक्तिमान, कसम से, झांसी की रानी जैसे कई हिट शो में नजर आ चुकी हैं।
टीवी का सबसे लोकप्रिय शो जोधा अकबर में अश्विनी ने महामंगा का बहुत ही अहम किरदार निभाया था जिसे लेकर वह काफी खुश थीं और अपनी खुशी जाहिर करते हुए अश्विनी ने कहा था कि अगर सही मायने में कहा जाए तो महामंगा जो भी करती थीं उसके पीछे न्यायसंगत तर्क ही होता था।
उन्होंने अकबर के जीवन में मां, सलाहकार और मंत्री तीनों की भूमिका निभाई थी। अश्विनी ने कहा कि किसी भी ऐतिहासिक पात्र को निभाते हुए अत्यंत सतर्कता बरतनी पड़ती है क्योंकि पात्र की विश्वसनीयता के साथ समझौता बिल्कुल भी नहीं किया जा सकता। अश्विनी ने टीवी के अलावा कई हिट फिल्मों में भी काम किया है जिनमें 'द हीरो', 'खाकी', 'आंखें', 'गोलमाल रिटर्न्स', 'सिंघम रिटर्न्स', 'बदलापुर' फिल्में शामिल हैं। हिंदी फिल्मों के अलावा अश्विनी मराठी और तेलुगू फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
बात करें उनके पति की तो बता दें कि बॉलीवुड एक्टर मुरली शर्मा उनके पति हैं। वह ज्यादातर फिल्मों में विलेन के किरदार में ही नजर आते हैं। हिंदी फिल्मों के अलावा वे तेलुगू, तमिल, मराठी और मलयालम फिल्मों में भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते हैं। बॉलीवुड में मुरली शर्मा कई सुपरहिट फिल्मों में भी काम कर चुके हैं 'ढोल', 'वजीर', 'जय गंगाजल', 'सिंघम', 'गोलमाल रिटर्न्स', 'दबंग' समेत कई फिल्मों में उन्होंने काम किया है।