20 साल पुराने काला हिरण शिकार मामले में दोषी पाए गए सलमान खान को जोधपुर की सेशन कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। दो दिन सेंट्रल जेल में बिताने के बाद शनिवार को सलमान खान मुंबई लौटे। घर आते ही फैन्स ने उनका जोरदार स्वागत किया। उसके बाद से ही सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। जानें जेल से बाहर आने के बाद अब तक उन्होंने क्या-क्या किया।
जेल से रिहा होकर मुंबई पहुंचे सलमान खान का उनके फैंस ने धमाकेदार ढंग से स्वागत किया। उनके घर के बाहर सैकड़ों फैंस का हुजूम उमड़ा हुआ था। फैंस से मिल रहे प्यार का शुक्रिया अदा करने के लिए सलमान अपने परिवार के साथ बालकनी पर आए थे। फैंस का उनके लिए प्यार देख वह काफी भावुक भी हो गए थे। उन्होंने फैंस को इशारों में घर जाकर आराम करने को कहा।
जेल से रिहा होकर गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंचते ही उनके फिल्म उद्योग के दोस्तों का घर पर ताता लग गया। घर आते ही फैन्स के बाद वह अपने दोस्तों से मिले। सबसे पहले सलमान से उनकी खैरियत पूछने उनके घर कटरीना कैफ पहुंची। जिसके बाद जीजा आयुष शर्मा, मलाइका, साकिब सलीम, डेजी शाह, वरुण धवन और जैकलीन उनसे मिलने पहुंचे थे।
रविवार सुबह होते ही सलमान सबसे पहले एक स्कूल के चैरिटी इवेंट में शामिल हुए। यहां पर ऐसे बच्चे पढ़ते हैं जिन्हें पढ़ने लिखने में दिक्कत होती है। सलमान ने वहां जाकर बच्चों के साथ जमकर मस्ती की। इसके बाद सलमान ने बच्चों के साथ मिलकर आइसक्रीम खाई। इस दौरान सलमान भतीजे योहान को भी साथ लेकर गये थे।
दबंग खान ने रविवार शाम अपने दोस्त और रेस 3 को स्टार साकिब का बर्थडे मनाया। इस पार्टी में रेस 3 की पूरी कास्ट पहुंची थी। पार्टी अटेंड करने के बाद सलमान अपनी कथित गर्लफ्रेंड यूलिया वंतूर के साथ एक कार में घर लौटे।