पैन इंडिया स्टार प्रभास आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक अभिनेता को अलग-अलग अंदाज में बधाई दे रहे हैं। लेकिन फिल्म 'आदिपुरुष' के मेकर्स ने प्रभास के जन्मदिन पर अभिनेता के फैंस को एक तोहफा दिया है। आज यानी 23 अक्तूबर के दिन सोशल मीडिया पर 'आदिपुरुष' के मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है। बीते दिनों फिल्म का टीजर रिलीज हुआ था, जिस पर जमकर विवाद हुआ। ऐसे में 'आदिपुरुष' का नया पोस्टर फैंस को कैसा लगा? आइए आपको बताते हैं।
कैसा है पोस्टर?
'आदिपुरुष' के निर्माताओं ने फिल्म से जुड़ा एक नया पोस्टर साझा किया है। इसमें भगवान राम के रूप में प्रभास की छवि काफी आकर्षक नजर आ रही है। फिल्म के टीजर में राम बने प्रभास के चेहरे पर काफी सारा गुस्सा था। इसी वजह से फैंस ने प्रभास को राम के अवातर में नकार दिया था। हर किसी का कहना था कि भगवान राम के भाव काफी शांत रहे हैं लेकिन प्रभास काफी गुस्से में दिख रहे हैं। लेकिन नए पोस्टर में प्रभास के चेहरे पर काफी शांत भाव दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- Janhvi Kapoor: अचानक पैसों की बात क्यों करने लगीं जान्हवी? बोलीं- किसी का दिल इतना बड़ा नहीं कि...
गौरतलब है कि 'आदिपुरुष' को बॉलीवुड की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बताया जा रहा है। फिल्म का बजट 500 करोड़ है। इसमें प्रभास के साथ कृति सेनन और सनी सिंह भी अहम किरदार में हैं। फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया है। इससे पहले ओम तानाजी जैसी सुपरहिट फिल्म बना चुके हैं।