अभिनय की चकाचौंध दुनिया में कई सितारे हीरो बनने का सपना लिए आते हैं और संघर्ष करते हुए आगे बढ़ते हैं। अपना करियर सफल बनाने के लिए अभिनेता और अभिनेत्रियों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और कई रिजेक्शन भी झेलने पड़ते हैं। वहीं कई सेलेब्स इंडस्ट्री के काले सच को भी दुनिया के सामने ला चुके हैं, जिसमें से एक है कास्टिंग काउच का सच। अक्सर अभिनेत्रियां इंडस्ट्री के बारे में यह खुलासा करती हुई नजर आई हैं कि उन्हें कास्टिंग काउच का शिकार होना पड़ा है, जिसके बाद उन अभिनेत्रियों को लोगों का समर्थन मिलता है, लेकिन केवल अभिनेत्रियां ही नहीं, बल्कि अभिनेताओं को भी इस दर्द से गुजरना पड़ा है। इंडस्ट्री में कुछ अभिनेता ऐसे हैं, जिन्होंने कास्टिंग काउच का सामना किया है। चलिए जानते हैं उन अभिनेताओं के बारे में, जो कास्टिंग काउच का दर्द झेल चुके हैं।
Casting Couch: अभिनेत्रियां ही नहीं ये अभिनेता भी हो चुके हैं कास्टिंग काउच का शिकार, खुलकर बयां किया था दर्द
राजीव खंडेलवाल
इस लिस्ट में सबसे पहले बात करते हैं राजीव खंडेलवाल की। राजीव बॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक हैं। उन्होंने कई फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी के दम पर दर्शकों को प्रभावित किया है। हाल ही में राजीव ने इंटरव्यू में खुलासा किया कि उन्हें शुरुआती दौर में कास्टिंग काउच का शिकार होना पड़ा था। हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब राजीव ने यह बताया है। इससे पहले भी वह इस मुद्दे पर खुलकर बात कर चुके हैं। अपने नवीनतम इंटरव्यू में राजीव ने कहा कि अक्सर महिलाएं कहती हैं कि वह कास्टिंग काउच का शिकार हुई हैं और उन्हें अंदर से यह गंदा लगता है। एक्ट्रेस को लोगों का समर्थन प्राप्त होता है, लेकिन ऐसा सिर्फ महिलाओं के साथ ही नहीं, बल्कि पुरुषों के साथ भी है। कास्टिंग काउच के साथ अपना अनुभव साझा करते हुए अभिनेता ने कहा था कि जब उन्होंने इसका सामना किया तो उन्होंने निर्देशक को गाली देते हुए अपना गुस्सा निकाला था।
हर्षवर्धन राणे
इस लिस्ट में अगला नाम आता है बॉलीवुड अभिनेता हर्षवर्धन राणे का। हर्षवर्धन ने एक बार खुलासा किया था कि करियर के शुरुआती दौर में निर्देशक ने उन्हें उनकी पैंट उतारने के लिए कहा था, लेकिन अभिनेता ने इस बात से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उन्हें कास्टिंग काउच का शिकार होना पड़ा।
रणवीर सिंह
बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता रणवीर सिंह भी इस लिस्ट में शामिल हैं। अभिनेता ने कास्टिंग काउच के साथ अपना अनुभव साझा करते हुए बताया था कि एक लड़के ने उन्हें अजीब सी जगह पर बुलाया था और पूछा था कि वह हार्ड वर्कर हैं या स्मार्ट वर्कर। करियर के शुरुआती दौर में लगभग तीन साल तक रणवीर को ऐसी कई घटनाओं का सामना करना पड़ा था।
करण टैकर
करण टैकर भी उन अभिनेताओं की लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने कास्टिंग काउच का सामना किया है। करण में खुलासा किया था कि जिस कास्टिंग डायरेक्टर ने रणवीर सिंह से अजीब-गरीब मांग की थी, उसी ने करण से भी काम के बदले अजीब मांग करते हुए पूछा था कि तुम स्मार्ट वर्कर हो या हार्ड वर्कर। हालांकि, करण ने इस बात से साफ इनकार करते हुए अपना रास्ता बदल लिया था।