90 के दौर में मीठी-मीठी बातें बोलकर दिल चुराने वाले बॉबी देओल की फिल्म 'सोल्जर' को रिलीज हुए आज पूरे 21 साल हो गए हैं। इस फिल्म से पहले बॉबी देओल ने 'बरसात', 'गुप्त' जैसी फिल्में की थीं। वहीं सोल्जर से बॉलीवुड को मिली थी डिंपल गर्ल यानी प्रीति जिंटा। प्रीति की ये डेब्यू फिल्म थी।
कहा जाता है बॉलीवुड में हर सुपरस्टार का एक दौर होता है। इस दौर में उनकी फिल्में देखने के लिए लोग पागल होते हैं। 90 का दशक बॉबी देओल का था। लोग उनके हेयर स्टाइल से लेकर उनका अंदाज तक कॉपी करने लगे थे। सोल्जर फिल्म के बाद बॉबी देओल का हेयर स्टाइल और उनका एंग्री यंग मैन वाला लुक चर्चा में आ गया था।
बॉबी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी सुपरहिट हो गई थी। साथ ही सुपरहिट हुआ था फिल्म का गाना। इस फिल्म का म्यूजिक एलबम साल का तीसरा सबसे अधिक बिकने वाला एलबम था। प्रीति जिंटा को बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस का फिल्म फेयर मिला था। फिल्म सच्ची घटना पर आधारित थी।
90s का दौर जाते-जाते बॉबी का स्टारडम और फैन फॉलोइंग भी काफी कम होने लगी। बॉबी देओल की पहली फिल्म बरसात थी। वो इस फिल्म में ट्विंकल खन्ना के साथ रोमांस करते नजर आए थे। बॉबी जिंदगी में ऐसा समय आया जब उनका करियर लगभग खत्म ही लग रहा था। उन्होंने 5 सालों में लगातार 7 फ्लॉप फिल्में दी थीं।
बॉबी देओल ने दो साल पहले फिल्म रेस 3 से कमबैक किया था और काफी शानदार बॉडी के साथ नजर आए थे। इससे पहले पिछले 6 सालों से बॉबी देओल लाइम लाइट से दूर थे। खबरें थीं कि उनकी कई फिल्में एक साथ फ्लॉप हो गईं इसलिए डायरेक्टर्स ने उन्हें काम देना बंद कर दिया। इस मामले में बॉबी का कहना है कि उन्होंने वाकई में अपने स्टारडम को भुनाया नहीं। नब्बे के दशक और साल 2000 और उसके आसपास के सालों में यह सफर मेरे लिए काफी बेहतरीन रहा।