जहांगीरपुरी इलाके में दिल्ली पुलिस और निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान पर आप नेताओं ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने लोगों को भेजकर दंगे करवा रही है। पूरे देश में इस पार्टी ने अराजकता फैला रखी है। उन्होंने कहा कि देश में गुंडा राज बंद करना है तो सबसे पहले भाजपा मुख्यालय पर भी बुलडोजर चलना चाहिए। सिसोदिया ने भाजपा नेताओं को अपराधी तक कहा।
जहांगीरपुरी में बुलडोजर : दिनभर चले सियासी तीर, आप ने कहा- भाजपा मुख्यालय पर भी चले बुलडोजर
देश में भाजपा करवा रही दंगे : चड्ढा
आप सांसद राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि देश में जगह-जगह दंगे भाजपा करवा रही है। उन्होंने दावा किया कि साल 2020 में दिल्ली हिंसा के पीछे भाजपा शामिल थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खुद दंगे करवा रहे हैं। उनके घर पर भी बुलडोजर चलना चाहिए।
निगम की आड़ में गुंडागर्दी कर रही भाजपा : आतिशी
विधायक आतिशी ने कहा कि नगर निगम की आड़ लेकर भाजपा गुंडागर्दी कर रही है। निगम कह रहा है कि बुलडोजर चलाने और अतिक्रमण हटाने से दंगे रुक जाएंगे लेकिन वास्तविक है कि ये दंगे खुद भाजपा करवा रही है। सिर्फ दिल्ली में ही नहीं देश भर में हर तरह की हिंसा की घटनाएं इसी पार्टी की देन हैं।
पहले दिन से सवाल खड़े कर रही आप : संजय
राज्यसभा सदस्य संजय सिंह का कहना है कि उनकी पार्टी पहले दिन से ही सवाल खड़े कर रही है। दिल्ली की सुरक्षा जिसके हाथ में है, वो दंगा करा रहे हैं। अंसार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वो भाजपा का कार्यकर्ता है। भाजपा के लिए प्रचार करता रहा है। सोशल मीडिया पर उसकी फोटो और वीडियो भी हैं।
15 साल से निगम में भाजपा, कैसे हुआ अतिक्रमण: भारद्वाज
आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीते 15 साल से नगर निगम में भाजपा काबिज है। पार्टी को यह बताना चाहिए कि उसके कार्यकाल में अतिक्रमण कैसे हुआ? इसके अलावा आठ साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है और इस दौरान इन्होंने ही देश के अलग अलग हिस्सों में रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को बसाया। कोई राज्य सरकार इनको नहीं बसा सकती है। भाजपा यह बताए कि उसने इन्हें कहां-कहां बसाया? दंगे कराने के लिए ही इन लोगों को भाजपा ने अलग-अलग जगहों पर बसाया है।
रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अतिक्रमण करने वाले को रोहिंग्या और बांग्लादेशी बताया। उन्होंने कहा कि रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया गया है। इसके लिए उन्होंने नगर निगम और दिल्ली पुलिस का आभार तक व्यक्त किया।
आदेश गुप्ता ने कहा कि इस साल सातवीं बार निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की है। श्रीराम पर सवाल उठाने वाले सब एकजुट हो गए हैं। ये सभी मिलकर दंगाइयों का बचाव कर रहे हैं।
उन्होंने विपक्षी दलों के आरोपों पर कहा कि जहांगीरपुरी में बीते 11 अप्रैल को भी अतिक्रमण हटाया गया था। निगम की ओर से हमेशा से ही अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई होती रही है। गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से बौखला गई है क्योंकि जहांगीरपुरी में इसके निगम पार्षद और विधायकों के संरक्षण में रोहिंग्या-बांग्लादेशी रह रहे थे जो अब बेनकाब हो चुके हैं।
गृहमंत्री से मिले भाजपा नेता
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के बाद दिल्ली प्रदेश के भाजपा नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। बुधवार सुबह नार्थ ब्लॉक में करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद रमेश बिधूड़ी, विधायक राम बीर बिधूड़ी और नेता मनजिंदर सिंह सिरसा मौजूद थे। बाहर आने के बाद नेताओं ने बातचीत पर कुछ भी खुलासा नहीं किया। हालांकि, इस दौरान सिरसा ने कहा कि यह एक नियमित बैठक थी।
अतिक्रमण विरोधी अभियान से राहत देने से हाईकोर्ट का इनकार
उच्च न्यायालय बुधवार को हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी में अतिक्रमण विरोधी अभियान को रोकने के लिए तुरंत राहत प्रदान करने से इनकार कर दिया। फिलहाल अदालत ने अभियान के खिलाफ मुद्दे पर सुनवाई पर सहमति जताते हुए कहा कि अधिकारियों को उचित निर्देश के साथ जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विपिन सांघी के समक्ष दोपहर को याची वकील ने अदालत को बताया कि इलाके में हिंसा के बाद काफी लोग घर से बाहर हैं और कई पुलिस हिरासत में है। उनकी अनुपस्थिति में एमसीडी ने अतिक्रमण विरोधी अभियान शुुरू कर दिया है। ऐसे में तुरंत प्रभाव से कार्रवाई को रोकने का आदेश दिया जाए। वहीं, केंद्र की और से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने पीठ को बताया कि सुप्रीम कोर्ट पहले से ही इस मुद्दे पर विचार कर रहा है।
पीठ ने सभी तथ्यों को देखने के बाद कहा कि वे तत्काल अतिक्रमण विरोधी अभियान पहले से ही तय था और कुछ भी नया नहीं है। वे अभियान को रोकने के लिए कोई आदेश नहीं दे रहे लेकिन संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश लेकर जवाब दाखिल करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
ओवैसी को पुलिस ने रोका
जहांगीरपुरी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नेे राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। उत्तरी निगम की कार्रवाई के विरोध में यहां बुधवार शाम एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने उनको बीच में ही रोक लिया। इस कारण वह पीड़ितों से नहीं मिल सके। इस मौके पर ओवेसी ने सवाल किया कि बिना अनुमति शोभा यात्रा क्यों निकाली गई।
जहांगीरपुरी में एमसीडी की कार्रवाई के विरोध में आइसा का प्रदर्शन
जहांगीरपुरी में बुधवार को एमसीडी की ओर से की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई के विरोध में छात्र संगठन आइसा ने डीयू की आर्ट्स फैकल्टी के बाहर प्रदर्शन किया। इससे पहले आइसा की टीम ने जहांगीरपुरी का दौरा किया। इस दौरान आइसा सदस्यों ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का भी विरोध जताया।