दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) कॉरिडोर का वेलकम मेट्रो स्टेशन नॉर्थ ईस्ट दिल्ली और गाजियाबाद के लिए दिल्ली ट्रांसपोर्ट सर्किट का सुपर इंटरचेंज स्टेशन होगा। दिल्ली मेट्रो के 288 किमी के क्षेत्रफल में फैले नेटवर्क पर एकमात्र यही ऐसा इंटरचेंज होगा, जो दिल्ली के मुख्य सड़क और रेल परिवहन हब को एक साथ जोड़ेगा। शिव विहार से दुर्गाबाई सेक्शन के बीच आने वाला वेलकम मेट्रो स्टेशन गाजियाबाद के एक छोर को दूसरे छोर से जोड़ने का भी काम करेगा। बता दें कि पिंक लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा 59 किमी का कॉरिडोर है। मजलिस पार्क से दुर्गाभाई देशमुख तक का सेक्शन पहले ही यात्रियों के लिए खुल चुका है। जबकि दुर्गाबाई देशमुख से शिव विहार सेक्शन, सितंबर 2018 तक खुलने की संभावना है। वेलकम मेट्रो स्टेशन पर रेड और पिंक लाइन का इंटरचेंज है।
ट्रांसपोर्ट सर्किट का सुपर इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन होगा ‘वेलकम’, जुडेंगे मुख्य सड़क और रेल परिवहन हब
कनेक्शन टू कश्मीरी गेट आईएसबीटी
शिव विहार से पिंक लाइन के शुरू हो जाने के बाद लोनी, गाजियाबाद के लोगों को वेलकम से इंटरचेंज कर कश्मीरी गेट आईएसबीटी पहुंचने में आसानी होगी। दूसरी ओर लोनी, गाजियाबाद से वेलकम इंटरचेंज के रास्ते गाजियाबाद सिटी का सफर भी कुछ ही मिनटों में पूरा हो सकेगा।
कनेक्शन टू आनंद विहार मेगा टर्मिनल
वेलकम मेट्रो स्टेशन शुरू होने से गाजियाबाद सिटी और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की लाखों लोगों की आबादी के लिए आनंद विहार मेगा टर्मिनल पहुंचना आसान होगा। साथ ही वेलकम इंटरचेंज के जरिये कश्मीरी गेट आईएसबीटी से रेड लाइन पर आने वाले यात्री भी कुछ ही मिनटों में आनंद विहार पहुंच सकेंगे, जहां से भारतीय रेल और अंतर राज्यीय बस सेवाएं मिलती हैं।
कनेक्शन टू हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन
पिंक लाइन पर ईस्ट और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के साथ-साथ लोनी गाजियाबाद व अप्सरा बॉर्डर के आसपास की आबादी के लिए वेलकम इंटरचेंज के जरिये हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय काले खां आईएसबीटी पहुंचना आसान होगा। यात्रियों के लिए वेलकम से पिंक लाइन पर आनंद विहार आईएसबीटी होते हुए हजरत निजामुद्दीन पहुंचना भी आसान हो जाएगा। यहां निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और नजदीक में सराय काले खां अंतरराज्यीय बस अड्डा है।
दुर्गाबाई देशमुख-शिव विहार तक ये स्टेशन
पिंक लाइन पर दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस से शिव विहार तक विश्वेश्वरैय मोती बाग, भीकाजीकामा प्लेस, आईएनए, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, विनोबा पुरी, आश्रम, हजरत निजामुद्दीन, मयूर विहार-1, मयूर विहार पॉकेट-1, त्रिलोकपुरी, विनोद नगर ईस्ट, विनोद नगर, आईपी एक्सटेंशन, आनंद विहार आईएसबीटी, कड़कड़डूमा , कड़कड़डूमा कोर्ट, कृष्णा नगर, ईस्ट आजाद नगर, वेलकम, जाफराबाद, मौजपुर, गोकलपुरी, जौहर एंकलेव और शिव विहार मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे। त्रिलोकपुरी मेट्रो स्टेशन के नजदीकी जमीन न मिलने के कारण मेट्रो सेग्मेंट जुड़ने में करीब एक साल का समय लगेगा, जबकि पिंक लाइन का पूरा कॉरिडोर लगभग बनकर तैयार है।