वंदे भारत एक्सप्रेस को पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, कहा- सेना को दी है खुली छूट
दिल्ली से वाराणसी के बीच चलने वाली देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम मोदी ने पहले पुलवामा हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए देश के दुश्मनों को कड़ा संदेश दिया है कि देश डरने वाला नहीं है। देश की सेना को खुली छूट दे दी गई है और वह शहीदों के बलिदान को जाया नहीं जाने देगी और दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देगी।
इसके बाद उन्होंने वंदेभारत के इंजीनियरों को बधाई दी कि उन्होंने बिना इंजन वाली ट्रेन बनाई। उन्होंने देश में रेलवे की दिशा बदलकर रख दी। पीएम ने कहा कि देश के विकास में योगदान देने वाले इंजीनियरों को नमन करते हैं उनके द्वारा किए गए विकास को नमन करते हैं। इससे पहले पीएम व अन्य मौजूद लोगों ने शहीदों के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया।
यह भी पढ़ेंः पुलवामा हमले पर बोले पीएम- आतंकियों ने बहुत बड़ी गलती की है, सजा जरूर मिलेगी
अपना भाषण खत्म करने के बाद पीएम मोदी ने वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही पीएम भी इस ट्रेन में रवाना हुए। आम जनता के लिए यह ट्रेन 17 फरवरी से चलेगी। देश की सबसे तेज रफ्तार ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस की टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है।
इस ट्रेन के उद्घाटन सफर पर रेल मंत्री पीयूष गोयल और रेलवे बोर्ड के अधिकारी भी रवाना होंगे। रेल विभाग के अधिकारी ने बताया कि इसकी टिकटें काउंटर या आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिये खरीदी जा सकती हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में रेल मंत्री ने इस ट्रेन का नाम ट्रेन-18 से बदलकर वंदे भारत एक्सप्रेस कर दिया था।
कब और कहां से चलेगी, कितने बजे पहुंचेगी
दिल्ली से वाराणसी के बीच ट्रायल रन के दौरान 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़कर यह देश की सबसे तेज रफ्तार वाली ट्रेन बन गई। दिल्ली से सुबह 6 बजे चलकर यह दोपहर बाद 2 बजे वाराणसी पहुंचेगी और उसी दिन वाराणसी से दोपहर बाद 3 बजे चलकर रात 11 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वंदे भारत सोमवार और बृहस्पतिवार को छोड़कर सप्ताह में पांच दिन चलेगी।
वंदे भारत से दिल्ली जाना महंगा, वाराणसी जाना सस्ता
यह ट्रेन दिल्ली से बनारस कानपुर सेंट्रल होकर गुजरेगी। 17 फरवरी से इस ट्रेन का नियमित संचालन होगा। इस ट्रेन से दिल्ली जाना महंगा है, जबकि आना 115 रुपये सस्ता है।
इस ट्रेन के यात्रियों को कानपुर में बना लैंडमार्क होटल का खाना परोसा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी आईआरसीटीसी को दी गई है। गुरुवार से इस ट्रेन के लिए सीटों के रिजर्वेशन होने लगे हैं। 17 और इसके बाद इस ट्रेन में काफी सीटें हैं।
कानपुर से दिल्ली जाने का चेयरकार का किराया 1195 रुपये है और दिल्ली से कानपुर आने का ट्रेन-18 का किराया 1080 है। जबकि एक्जीक्यूटिव क्लास का दिल्ली जाने का किराया 2190 रुपये और वहां से आने का किराया 2085 रुपये है।
गुरुवार से रिजर्वेशन शुरू हो चुके हैं। प्री बुकिंग न होने से 17 और उसके बाद दिल्ली, बनारस जाने के लिए पर्याप्त सीटें हैं। यह ट्रेन सप्ताह में पांच दिन चलेगी। 17 को चेयरकार में 600 से अधिक, और 19 और 20 फरवरी को 80 से ज्यादा सीटें हैं। जबकि एक्जीक्यूटिव क्लास में भी 40 से अधिक सीटें बची हैं।
आज रेलमंत्री आएंगे सेंट्रल
40 मिनट तक सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर कार्यक्रम होगा। यहां रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा भी शामिल होंगे और फिर ट्रेन से वाराणसी तक जाएंगे। वापसी में ट्रेन शनिवार को सुबह छह बजे वाराणसी से चलेगी। कानपुर सेंट्रल सुबह 9:55 बजे आएगी और दो मिनट रुककर दोपहर 2:25 बजे नई दिल्ली जाएगी।
दो मिनट का होगा ठहराव
दिल्ली से आने वाली ट्रेन का नंबर 22436 है। यह सप्ताह में पांच दिन चलेगी। सोमवार और गुरुवार को इस ट्रेन का संचालन नहीं होगा। सुबह छह बजे दिल्ली से चलेगी और कानपुर सेंट्रल स्टेशन 10:18 बजे पहुंचेगी। दो मिनट ठहराव के बाद रवाना होगी। इलाहाबाद जंक्शन दोपहर 12:23 बजे और वाराणसी दोपहर दो बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 22435 उसी दिन वाराणसी से दोपहर तीन बजे चलेगी। इलाहाबाद शाम 4:35 बजे और कानपुर सेंट्रल शाम 6:30 बजे पहुंचेगी। दो मिनट यहां ठहराव होगा। नई दिल्ली रात 11 बजे पहुंचेगी।
प्रयागराज से इतना होगा किराया
वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया
कहां से कहां तक एग्जीक्यूटिव कार चेयरकार
इलाहाबाद से नई दिल्ली 2915 1550
नई दिल्ली से इलाहाबाद 2725 1385
इलाहाबाद से कानपुर 1260 645
कानपुर से इलाहाबाद 1170 595
इलाहाबाद से वाराणसी 1190 700
वाराणसी से इलाहाबाद 1050 545
अप और डाउन में ट्रेन के किराये का अंतर कैटरिंग की वजह से
वंदे भारत एक्सप्रेस के अप और डाउन में किराये का अंतर कैटरिंग चार्ज की वजह से है। इलाहाबाद से दिल्ली जाने में स्नैक्स और डिनर कैटरिंग में शामिल है। इस वजह से कैटरिंग चार्ज 308 रुपये है जबकि दिल्ली से इलाहाबाद के बीच ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को मार्निंग टी और ब्रेकफास्ट ही मिलेगा। इस वजह से वापसी में कैटरिंग चार्ज 142 रुपये ही यात्रियों से लिया जाएगा।