आज रविवार है, कहने को आज फादर्स डे है लेकिन, आज के दिन को अगर इंडिया-पाक फाइट डे कहा जाए तो गलत नहीं होगा। अगर आंकड़ों की मानें तो आज देश ही नहीं दुनिया का हर आठवां शख्स भारत-पाकिस्तान के बीच चैंपियंस ट्रॉफी के लिए होने वाले फाइनल मैच को देखेगा।
अगर आप दिल्ली में हैं, अकेले हैं और क्राउड के साथ मैच देखना चाहते हैं तो आज का दिन आपके लिए बेहद लकी है। भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच की दीवानगी का अंदाजा हर किसी को है और इसलिए आज दिल्ली-एनसीआर के लगभग सभी होटल, रेस्त्रां सहित पब और बार ने अपने ग्राहकों के लिए कुछ न कुछ खास तोहफा और सरप्राइज देने का प्लान बनाया है।
गुरुग्राम के एक बार ने आज के लिए खास इंतजाम किया है। इस बार में मैच देखने के लिए बार में स्टेडियम जैसा माहौल तैयार किया गया है और उसी अंदाज में सीट अरेंजमेंट किया गया है। साथ ही अगर भारत इस मैच में जीतता है तो सभी के लिए एक शॉट फ्री में पीने को मिलेगा।
इसके साथ ही एक पब एंड बार ने अपने सभी ग्राहकों को आज के दिल अपने सभी आइटम पर 50% की छूट देने की घोषणा की है। हालांकि इसके साथ शर्त बस ये है कि ये ऑफर भारत के जीतने पर ही मिलेगा।
दिल्ली के नेहरु प्लेस में बने एक रेस्त्रां ने अपने उन सभी ग्राहकों को फ्री डेजर्ट ऑफर किया है जो आज के दिन उनके रेस्त्रां में इंडियन क्रिकेट टीम की ऑफिशियल ब्लू ड्रेस में आएंगे।