अपहरण के बाद दक्ष की हत्या करने वालों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। पुलिस की कई टीमें हत्याकांड का खुलासा करने में जुटी हैं। वहीं दक्ष की पांच साल की बहन छवि रो-रोकर बार-बार पिता से भाई के बारे में पूछ रही है। वहीं पीड़ित परिवार को दिलासा देने वालों के आने का सिलसिला जारी है। पढ़ें बड़ी बहन छवि का क्या है हाल और क्या है ये पूरा मामला.....
दक्ष अपहरण व हत्या मामला : पापा भाई कब आएगा... पूछकर हर बार रोने लगती है छवि, छोड़ दिया है खाना पीना
दादरी की रेलवे रोड स्थित वेद विहार कॉलोनी से विद्युत निगम के संविदा कर्मचारी मुनेंद्र लोहिया का तीन साल का बेटा दक्ष 31 मार्च को लापता हो गया था। चार दिन बाद उसका शव बुलंदशहर की नहर में बरामद हुआ था। मासूम बच्चे की बहन छवि अपने पापा के गले लगकर बार-बार पुकार रही है। छवि अपने भाई के गम में ठीक से खाना भी नहीं खा रही है। वहीं परिजनों का कहना है कि पुलिस ने तीन दिन में मामले का खुलासा करने का दावा किया था, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस टीमें मामले में जांच में जुटी हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
परिजनों से मिलने आएंगे सपा नेता
दक्ष की हत्या के मामले को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पार्टी नेताओं की एक कमेटी बनाई है। कमेटी में प्रदेश के पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, राष्ट्रीय सचिव रमेश प्रजापति, सदस्य विधान परिषद राकेश यादव, जिलाध्यक्ष वीर सिंह यादव, प्रदेश सचिव फकीरचंद्र नागर, प्रवक्ता राजकुमार भाटी, पूर्व प्रदेश सचिव दिनेश गुर्जर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष छात्र सभा अतुल प्रधान को शामिल किया है। 11 अप्रैल को पार्टी के नेता दक्ष के परिजनों से मिलने आएंगे।
31 मार्च को दादरी से अपहृत मासूम की हत्या, बुलंदशहर के वलीपुरा नहर में मिला था शव
गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र से गत 31 मार्च को अपहृत हुए साढ़े तीन वर्षीय मासूम बालक की हत्या कर दी गई है। उसका शव 4 अप्रैल को बुलंदशहर कोतवाली क्षेत्र से गुजर रही वलीपुरा गंगनहर में मिला।नगर कोतवाली पुलिस को रविवार सुबह सूचना मिली कि वलीपुरा नहर में एक मासूम बालक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। बालक की उम्र करीब 3 से 4 साल थी। नगर पुलिस की जांच में दादरी क्षेत्र से 31 मार्च को एक बालक के लापता होने का पता चला। इस पर दादरी पुलिस को सूचना दी गई। साथ ही पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। सूचना मिलते ही दादरी पुलिस अपने साथ पीड़ित परिजनों को लेकर बुलंदशहर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। यहां पीड़ित परिजनों ने शव की शिनाख्त लापता दक्ष (3) पुत्र मुनेंद्र निवासी वेद विहार कॉलोनी, रेलवे रोड दादरी के रूप में की।
पीड़ित पिता मुनेंद्र ने बताया कि 31 मार्च को दक्ष घर के बाहर खेलते हुए आइसक्रीम लेने निकला था। इसके बाद से ही उसका कोई पता नहीं चला। मामले में दादरी कोतवाली में उसके गायब होने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। परिजनों की मानें तो दादरी पुलिस द्वारा बालक का पता लगाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने गला दबाकर हत्या कर शव को नहर में फेंका है। शव काफी फूला हुआ था, जिससे उसके 3 से 4 दिन पुराना होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।