नजफगढ़ इलाके में मंगलवार रात मां व भाई के सामने एक किशोरी की मर्सीडीज कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दोस्त मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल व मर्सिडिज कार बरामद की है। वारदात के समय मौके पर मौजूद किशोरी के दो अन्य दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
मर्सिडीज में मर्डरः मां और भाई के सामने मारी गोली, लव ट्रैंगल ने ले ली सिमरन की जान!
पुलिस के मुताबिक सिमरन (17) परिवार के साथ दीपक विहार, नजफगढ़ में रहती थी। परिवार में माता-पिता और एक छोटा भाई है। सिमरन इसी साल 12वीं कक्षा पास करने के बाद पत्राचार से ग्रेजुएशन कर रही थी। इसके अलावा वह सिविल सर्विसेस की तैयारी कर रही थी। सिमरन के पिता का इलाके में प्रॉपर्टी का काम है। मंगलवार दोपहर करीब 2.30 बजे सिमरन दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कह कर घर से निकली थी।
इसके बाद शाम तक जब वह घर नहीं पहुंची तो मां ने करीब 6.30 बजे सिमरन को कॉल की। उसने मां को रोते हुए बताया कि वह दोस्त के साथ है, पंद्रह मिनट में घर पहुंच जाएगी। सिमरन के रोने पर उसकी मां परेशान हो गई। उसने अपने छोटे बेटे व सिमरन के दोस्त नितिन को उसकी तलाश के लिए स्कूटी से भेज दिया। करीब 8 बजे सिमरन का भाई व नितिन वापस घर पहुंचे। इस बीच घर से चंद कदमों की दूरी पर वीआईपी नंबर (यूके 07बीडब्ल्यू0002 नंबर) की एक मर्सीडीज कार आकर रुकी।
कार से सिमरन का दोस्त शुभम व एक अन्य युवक योगेश भारद्वाज उर्फ सोनू उतरे। कार योगेश की है जोकि प्रॉपर्टी का काम करता है। सिमरन कार की पिछली सीट पर बैठी थी। पास में सिमरन की मां व उसका भाई खड़े थे। इधर, कार से उतरते ही शुभम ने नितिन से झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े के दौरान वह कार की ओर आ गया और उसने कार में पहले से रखी योगेश की लाइसेंसी पिस्टल से सिमरन को गोली मार दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया। मां गंभीर हालत में योगेश के साथ सिमरन को लेकर अस्पताल पहुंची, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस नितिन व योगेश से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी शुभम की तलाश शुरू कर दी गई है। कार व पिस्टल भी बरामद हो गई है, शुरुआती जांच के बाद मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है।- सुरेंद्र कुमार दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त।
त्रिकोणीय प्रेम में की किशोरी की हत्या
शुभम पर ऐसा क्या जुनून सवार हुआ कि उसने अपनी दोस्त सिमरन की हत्या कर दी। इस बात का खुलासा उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि त्रिकोणीय प्रेम के कारण शुभम ने नितिन से कहासुनी के बाद अपनी दोस्त की ही हत्या कर दी। गोली मारने के बाद वह ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल की ओर फरार हो गया। पुलिस नितिन व योगेश से पूछताछ कर मामले की छानबीन करने का प्रयास कर रही है।