दिल्ली पुलिस ने मुखर्जी नगर के पीजी खाली करने और कोचिंग सेंटर बंद करने के सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो और पुलिस के नोटिस को फर्जी बताया है। पुलिस ने इस मामले पर केस दर्ज कर लिया है और मैसेज फैला रहे कई ट्विटर अकाउंट को बंद करने का आग्रह किया है।
मुखर्जी नगर वायरल वीडियो: दिल्ली पुलिस ने बताया फर्जी, बोली- नहीं कहा पीजी खाली करने को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
'कोई निर्दश जारी नहीं किया गया'
जिला पुलिस उपायुक्त विजयंता आर्या ने बताया कि पुलिस की ओर से इस तरह का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर चल रहा वीडियो और थाना प्रभारी के नाम से जारी नोटिस फर्जी है। नोटिस में कहा गया है कि सभी कोचिंग सेंटर बंद किए जाएं और पीजी खाली किए जाएं, लेकिन पुलिस की ओर से ऐसी कोई बात नहीं कही गई है। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में क्या है
पुलिस जिस वीडियो को फर्जी बता रही है, उसमें एक पुलिस अधिकारी यह कह रहा है कि 24 दिसंबर से सब के सब बंद हो जाएंगे, सब लोग अपने टिकट करा लो और अपने घर चले जाओ। दो जनवरी को वापस आइए, इसे सर्दी की छुट्टी समझ लो। कानून और व्यवस्था की स्थिति काफी नाजुक हो चुकी है। पूरी दिल्ली में धारा-144 लगी हुई है। कोई भीड़ या फिर बाधा उत्पन्न होती है तो अपना कैरियर खराब कर लोगे। कैरियर मत खराब होने देना, अपने घर जाओ। 24 की शाम को निकल जाना और 2 जनवरी को वापस आना। हम सब कुछ बंद करा रहे हैं। कोई किसी भी तरह का विरोध नहीं करेगा। रात में शोर मचाते हो, अगर एक भी फुटेज मिल गई तो हम बंद कर देंगे। कैमरे लगे हुए हैं सबके पीजी में, हम लोग बिल्कुल अलर्ट हैं, बिल्कुल नहीं बख्शेंगे, आपको आगाह कर रहे हैं।
आरडब्ल्यूए ने लिखा पत्र
सूत्रों का कहना है कि आरडब्ल्यूए ने 21 दिसंबर को पुलिस उपायुक्त और मुखर्जी नगर थाने को पत्र लिखा था, जिसमें न्यू ईयर की रात मुखर्जी नगर में होने वाले हुड़दंग व छेड़छाड़ की घटनाओं का हवाला दिया गया था। दो साल पहले यहां न्यू ईयर की रात छेड़छाड़ की घटना हुई थी। हुड़दंगियों को काबू करने में पुलिस के पसीने छूट गए थे। इस घटना को लेकर पुलिस इस इलाके को तीन-चार दिन तक बंद रखती है।
अधिकतर कोचिंग सेंटरों में कक्षाएं बंद
मुखर्जी नगर में चर्चित कोचिंग इंस्टीट्यूट के अधिकतर सेंटरों में कक्षाएं बंद हैं। इंस्टीट्यूट के मैनेजिंग डायरेक्टर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हमें नहीं मालूम कि पुलिस ने 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक बंद रखने का फैसला क्यों किया है। मंगलवार को क्लास के दौरान ही पुलिस आई थी उन्होंने कहा था कि कानून और व्यवस्था की वजह से जैसा निर्देश हुआ है उसका पालन करें और आप लोग कल से बंद रखें। इसी वजह से उनके अधिकतर सेंटर बुधवार को बंद रहे। एक अन्य इंस्टीट्यूट के मैनेजर ने बताया कि दो-तीन दिन से लगातार पुलिस आ रही है और कक्षाएं बंद रखने के लिए कहा। यहां तक कि शिक्षकों को थाने ले जाकर उन्हें कोचिंग सेंटर बंद रखने के लिए कहा।