नोएडा की सोसायटियों में सिक्योरिटी गार्ड सुरक्षित नहीं हैं। कभी सोसायटी के गेट पर लगे बैरियर तो कभी दरवाजे को खोलने में हुई देरी पर महिलाओं ने इनके साथ अभद्रता और हाथापाई की। ऐसे में सवाल ये उठता है कि क्या सोसायटी प्रबंधन ने गार्डों को पिटवाने के लिए इन्हें रख रखा है। हालांकि मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई, लेकिन इसके बाद भी गाहे-बगाहे ऐसे मामले सामने आते रहते हैं। जरूरी है कि सोसायटी प्रबंधन भी ऐसे नियम बनाए, जिससे लोग सोसायटी के तहत काम करने वालों के साथ दुर्व्यवहार करने से पहले कई बार सोचें। ताजा मामला फेस-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अजनारा होम्स हाउसिंग सोसायटी का है। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार भी कर लिया है। आइए हम आपको बताते हैं कि कब-कब नोएडा में ऐसे मामले सामने आए हैं।
Noida: सुरक्षा नहीं पीटने के लिए रखे हैं सोसायटी में गार्ड?, जानें कब-कब महिलाओं ने किया इनका अपमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अजनारा होम्स सोसायटी में नशे में धुत लड़कियों ने गार्ड से अभद्रता
फेस-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अजनारा होम्स हाउसिंग सोसायटी का है। यहां नशे में धुत लड़कियां गार्ड से मारपीट करते हुए नजर आईं। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है रात करीब तीन बजे ये लड़कियां सोसायटी में दाखिल हो रही थीं। इनकी कार पर सोसायटी का स्टीकर ना होने पर गार्ड ने इन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इस पर इनका पारा सातवें आसमान पर जा पहुंचा और गार्ड के साथ काफी देर तक बदसलूकी करती रहीं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़की गार्ड का कॉलर पकड़कर उसे जोर जोर से हिलाती है और उसकी टोपी सिर से उताकर फेंक देती है। इस बीच वहां मौजूद कुछ लोग उसे ऐसा करने से रोकते हैं लेकिन वो बार बार मना करने पर भी किसी की एक नहीं सुनती है। इस मामले पर पुलिस ने बयान जारी कर कहा कि गार्ड की शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है।
क्लियो काउंटी सोसायटी में बैरियर खोलने में देरी पर गार्ड को मारा थप्पड़
बीते 10 सितंबर को क्लियो काउंटी सोसायटी के गेट पर लगा बैरियर खोलने में देरी होने पर एक महिला प्रोफेसर ने आपा खो दिया था। महिला ने गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड को एक के बाद एक पांच थप्पड़ जड़ दिए। शनिवार सुबह करीब 11 बजे की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। रविवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद फेज-3 थाना पुलिस ने प्रोफेसर सुतापा दास के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया। हालांकि, कुछ ही देर में उसे जमानत मिल गई।
क्लियो काउंटी सोसाइटी निवासी सुतापा की कार पर लगे सोसाइटी के स्टीकर को स्कैनर ने कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण स्कैन नहीं किया। इससे गेट नंबर एक पर बैरियर नहीं खुल सका। सुरक्षा गार्ड सचिन ने बैरियर को खेाला। इसके बाद सुतापा ने कार को अंदर किया और गार्ड के पास आकर कहा कि बैरियर क्यों नहीं खोल रहे थे। इस पर सचिन ने कहा कि स्टीकर स्कैन होने से बैरियर ऑटोमेटिक ही खुल जाता है। यह सुनकर सुतापा ने गुस्से में सचिन को थप्पड़ जड़ दिया। सचिन पीछे हटा तो महिला ने आगे बढ़कर उसे चार थप्पड़ और जड़ दिए। अन्य गार्डों ने बीचबचाव का प्रयास किया।
जेपी ग्रींस विश टाउन सोसायटी में महिला वकील ने गार्ड को दीं गालियां
21 अगस्त को सेक्टर-126 स्थित पॉश जेपी ग्रींस विश टाउन सोसाइटी में महिला वकील भव्या रॉय का सिक्योरिटी गार्ड को गालियां देने और गिरेबान पकड़कर धक्कामुक्की करने का वीडियो वायरल हुआ था। आरोप था कि गार्ड अनूप कुमार ने सोसायटी का गेट खोलने में देरी की तो महिला ने गार्ड पर जमकर भड़ास निकाली। वहीं, सोशल मीडिया पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर भव्या को गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। वहीं बाद में भव्या को जमानत भी मिल गई थी। घटना के दौरान महिला के नशे में होने की बात कही जा रही है।