दिल्ली पुलिस ने मुंबई के पब में आग लगने के बाद 14 लोगों की मौत से कोई सबक नहीं लिया है। दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश स्थित एक पब शनिवार तड़के 3:30 बजे तक खुला था।
नए साल से पहले पब में पीली इतनी शराब, नाचते-नाचते चला दी सामने वाले पर गोली
डांस करने के दौरान नशे में धुत एक युवक ने दूसरे को गोली मार दी। गर्दन में गोली लगने के बाद पीड़ित विनय भाटी (30) को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर है। इधर, आरोपी उमेश उर्फ आदित्य को पब में मौजूद लोगों ने पिस्टल समेत दबोच लिया और जमकर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। उसे भी एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इधर, पुलिस पर लीपापोती के आरोप लगे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आदेश पर नियमों के उल्लंघन के लिए पब का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर कैलाश-1, एम-ब्लॉक मार्केट में आरबी-17 पब है। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त रोमिल बानिया के मुताबिक, शनिवार देर रात पब की पार्किंग में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस को पता चला कि गोली पार्किंग में नहीं, बल्कि पब के अंदर चली है। घायल जसोला गांव, सरिता विहार निवासी विनय भाटी को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था।
आरोपी गोविंदपुरी निवासी उमेश को भी पिटाई के बाद एम्स में भर्ती कराया गया। जांच व प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पब के भीतर विनय व उमेश के बीच तू-तू मैं-मैं हुई और उमेश ने विनय को गोली मार दी। गोली चलते ही वहां भगदड़ मच गई। पब में मौजूद लोगों व विनय के साथियों ने उमेश को पकड़कर जमकर पीटा। एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती विनय की हालत में रविवर को सुधार हुआ और उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।
विनय के बयान पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उमेश को गिरफ्तार कर लिया है। पब में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों व सूत्रों का कहना है कि देर रात नशे में डांस के करने के दौरान विनय व उमेश के बीच बहस हुई थी। मामूली बहस के दौरान आरोपी ने उस पर अवैध पिस्टल से गोली चला दी। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस सूत्रों की मानें तो पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब मिले हैं। पुलिस पब की सीसीटीवी फुटेज लेकर झगड़े के सही कारणों व झगड़े के समय का पता लगा रही है। जांच खुद उपायुक्त कर रहे हैं।