पीरियड्स के दौरान जमे हुए रक्त की जो गंध होती है वह अलग से ही पहचान में आ जाती है। इसी गंध को छुपाने के लिए बाजार में कई चीजें बिकती हैं, उनमें से एक है खुशबूदार पैड। क्या आप जानते हैं कि इस तरह के पैड्स से आपको कितनी बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है..
ऐसी खुशबूदार चीजों के इस्तेमाल से वेजाइना के आसपास का हिस्सा सूज सकता है। महावारी वैसे ही इतनी तकलीफ देते हैं, ये सारी चीजें आपकी दिक्कते बढ़ा सकती हैं। इसके इस्तेमाल से वेजाइना के आसपास खुजली हो सकती है। पीरियड्स में ये खुजली आपकी तकलीफें बढ़ाने का काम करेगा।
बता दें कि सैनेटरी पैड्स को खुशबूदार बनाने के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। इसके कारण बदबू आनी तो बंद हो ही जाती है, मगर ऐलर्जी होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। मालूम हो कि जो खुशबूदार पैड्स और टैम्पंस होते हैं, वो आपके वेजाइना के आसपास रहने वाले अच्छे बैक्टीरिया का नाश कर देते हैं। जिस वजह से वहां नुकसान पहुंचाने वाले बैक्टीरिया घर बना लेते हैं। इससे यीस्ट इंफेक्शन होने का खतरा रहता है। बैक्टीरिया इंफेक्शन भी हो सकता है।
ऐसे इंफेक्शन के कारण वेजाइना से बदबूदार पानी निकलता है। कई बार पेशाब करते समय जलन की दिक्कतें हो जाती हैं। कई बार तो ऐसी हालत भी हो जाती है कि खुजली करते-करते आप वहां की चमड़ी छील देते हैं। चलने-फिरने में भी दिक्कत होने लगती है। और तो और जिनको यूटीआई इंफेक्शन हो चुका होता है, उनके लिए तो और भी ज्यादा बड़ी परेशानी खड़ी हो जाती है।
पीरियड्स के दौरान क्लीनलीनेस का ख्याल रखें। थोड़ी-थोड़ी देर के अंदर पैड बदलें। एक ही पैड बहुत देर तक इस्तेमाल करने से उसके आस-पास नमी हो जाती है जिससे रैसेज होते हैं। दाद-खाज भी हो सकता है। अगर आप टैंपन इस्तेमाल करते हैं, तो उसे खाली करने में बहुत देर न लगाएं, अपने अंडरगारमेंट की सफाई का खासा ध्यान रखें। पेंटी को धुलने के बाद हमेशा उल्टा करके धूप में ही सुखाएं। यह सब करें लेकिन खुशबूदार पैड्स के चक्कर में पड़कर अपनी सेहत न खराब करें।