मॉडल टाउन इलाके में हिट एंड रन के मामले में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे तीन मासूमों समेत चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो बच्चियां दस फीट हवा में उछलकर सड़क की एक तरफ गिरीं। घटना को अंजाम देने के बाद चालक कार को रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ाकर फरार हो गया। सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो बहनों को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि बच्चियों के भाई और एक पड़ोसी की हालत नाजुक बनी हुई है। पढ़ें पूरा मामला...
2 of 5
मृतक बच्चियों के पिता
- फोटो : एएनआई
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है। घटना को अंजाम देने वाली कार ऑडी बतायी जा रही है, हालांकि पुलिस इससे इंकार कर रही है। मृतक बहनों की शिनाख्त इशिका(8) और भूमि(4) के रूप में हुई है। जबकि घायल भाई की पहचान गौरव(5) और पड़ोसी मिलाप सिंह(55) के रूप में हुई है।
3 of 5
घटनास्थल पर खून के धब्बे दिखाती महिला
- फोटो : अमर उजाला
संतनगर बुराड़ी निवासी जसपाल, पत्नी श्वेता, दादा-दादी और मिलाप सिंह के साथ गुरुद्वारा नानक प्याऊ की तरफ आया था। उसे अपनी दवा लेनी थी। घर से निकलने के दौरान बच्चे भी जिद करने लगे तो सभी को कार में बिठा लिया था। वह गुरुद्वारा के सामने कार में सीएनजी भरवा रहा था। तभी तीनों बच्चे आईसक्रीम खाने की जिद करने लगे।
4 of 5
घटनास्थल की तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
मिलाप बच्चों को लेकर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान आजादपुर से प्रताप विहार जाने वाली सड़क पर एक नीले रंग की कार तेज रफ्तार से आई और चारों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना होते ही वहां चीख-पुकार मच गई। परिवार वाले और गुरुद्वारा में मौजूद लोगों ने घायलों को पास के पेंटामिन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से बच्चियों को एम्स ट्रॉमा और अन्य दो को सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर से सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अन्य दो का इलाज चल रहा है।
5 of 5
model town hit and run case
- फोटो : अमर उजाला
रात करीब 11 बजकर 49 मिनट गुरुद्वारा नानक प्याऊ के गेट के सामने सड़क हादसे की जानकारी मिली। चार घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया। हादसे में दो बच्चियों को मृत घोषित कर दिया गया। कार चालक मौके से फरार हो गया है। मौके से पुलिस को एक काले रंग की हरियाणा नंबर की प्लेट पड़ी मिली है। जिसे पुलिस कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है। साथ ही आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
-विजयंता आर्या, पुलिस उपायुक्त, उतर पश्चिम जिला