भजनपुरा इलाके में डीटीसी बस के परिचालक ने लाइव वीडियो बनाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। जब तक चालक पीड़ित को जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचा तब तक उसकी मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त कमल सिंह (39) के रूप में हुई है। खुदकुशी से पूर्व कमल ने वीडियो में दो महिलाओं और एक युवक पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। कमल का आरोप है कि आरोपी उससे पांच लाख रुपये वसूल चुके हैं और अब 10 लाख रुपये की मांग रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दिया और मोबाइल की सीडीआर निकलवाकर उसकी छानबीन कर रही है।
3 of 6
dtc driver
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के मुताबिक, कमल परिवार के साथ खिचड़ीपुर गांव में रहता था। परिवार में मां, तीन भाई व दो बहनें हैं। कमल डीटीसी में कंडक्टर (परिचालक) था। फिलहाल उसकी तैनाती नोएडा डिपो में थी। मंगलवार सुबह उसकी ड्यूटी रूट संख्या-33 (नोएडा से भजनपुरा) की बस पर थी। बस सुबह करीब 6.30 बजे भजनपुरा टर्मिनल पहुंची। इसी दौरान वहां खड़ी बस में कमल ने वीडियो बनाया और कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। इधर, जैसे ही कमल की तबीयत बिगड़ी, चालक फौरन ऑटो में बैठाकर उसे जीटीबी अस्पताल ले गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमल के पास से उसका मोबाइल फोन बरामद किया। मोबाइल में पुलिस को दो वीडियो क्लिप बरामद हुए। एक मरने से ठीक पहले 39 सेकंड का था। उसमें कमल ने दो महिलाओं और एक युवक का जिक्र करते हुए अपनी मौत का जिम्मेदार उन्हें बताया। दूसरा वीडियो किसी दूसरे दिन का था। उसमें भी कमल ने सुसाइड करने और मौत के लिए तीनों को जिम्मेदार बताया था। वहीं, मृतक ने घर में एक सुसाइड नोट का भी जिक्र किया था। पुलिस को घर से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
- पांच लाख ऐंठने के बाद 10 लाख की हो रही थी डिमांड हिंदी में लिखे चार पेज के सुसाइड नोट में कमल ने मोनू नामक एक युवक पर पूरी साजिश रचने का आरोप लगाया है। उसमें लिखा कि मोनू नंद नगरी बस डिपो में बस चालक है। मोनू ने उसे अपनी दो जानकार महिलाओं से मिलवाया था। नोट में कमल ने उनके नामों का जिक्र किया है। मोनू ने दोनों महिलाओं के साथ मिलकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद तीनों मिलकर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। कमल का आरोप है कि तीनों ने उसे ब्लैकमेल कर उससे पांच लाख रुपये वसूल लिए और अब वह 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। रुपये न देने पर आरोपी उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे। इससे परेशान होकर उसने जान दी।