12वीं के छात्र की पीट-पीट कर हत्या, युवकों ने दौड़ा-दौड़ा कर दी दर्दनाक मौत
पुलिस के अनुसार, आकाश (22) परिजनों के साथ संगम पार्क राणा प्रताप बाग इलाके में रहता था। उसका पिता घनश्याम दिल्ली जल बोर्ड में बेलदार के पद पर कार्यरत हैं। आकाश ने ओपन से 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। आकाश का ननिहाल दिल्ली कैंट के सदर बाजार स्थित वाल्मीकि कॉलोनी में है। आकाश के परिवार वाले कुछ दिन पहले वैष्णो देवी गए थे। इस वजह से आकाश अपने ननिहाल में रह रहा था।
परिजनों के मुताबिक, 12 जुलाई को वाल्मीकि कॉलोनी के रहने वाले कुछ लड़कों का दूसरे गुट के लड़कों से झगड़ा हो गया था। आकाश ने झगड़े के दौरान बीच बचाव किया था। इसी वजह से एक गुट उससे नाराज था। नाराज गुट के युवकों ने परिवार वालों को चेतावनी दी थी कि आकाश फिर से दखल देगा तो उसकी हत्या कर देंगे। 17 जुलाई की शाम आकाश क्रिकेट खेलने के लिए पार्क गया था, जहां कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और उसे दौड़ा-दौड़ा कर लाठी डंडे से पिटाई की।
सदर बाजार में मुर्गा की रेहड़ी लगाने वाले आकाश के भाई सन्नी को जानकारी मिली कि उसका भाई आकाश अचेत पड़ा है। आकाश को तुरंत पास के अस्पताल ले गए, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान आकाश की मौत हो गई। पुलिस ने सन्नी के बयान पर मामला दर्ज कर नरेंद्र, नीरज और अजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गौतम, लक्ष्मण और विशाल की तलाश की जा रही है।
विधायक के नेतृत्व में लोगों ने लगाया जाम
हत्या के विरोध में दिल्ली कैंट के लोगों ने जाम लगा दिया। विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में लोग आकाश के सभी हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। जाम की वजह से इलाके की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। पुलिस ने उत्तेजित लोगों को शांत करवाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कही। उसके बाद लोग शांत हुए।