यू-ट्यूबर गौरव वासन की वजह से रातोंरात प्रसिद्ध हुआ बाबा का ढाबा एक फिर चर्चा में आ गया है। ढाबा मालिक कांता प्रसाद का कहना है कि उसे जाने मारने की धमकी मिल रही है। साथ ही उनके ढ़ाबे को जलाने के लिए धमकाया जा रहा है। बाबा ने यू्-ट्यूबर गौरव वासन पर संदेह जाहिर किया। बाबा कांता प्रसाद ने इसकी शिकायत मालवीय नगर थाने में की है। दूसरी तरफ यू-ट्यूबर गौरव वासन ने भी पुलिस को शिकायत दी है कि उसे कोई झूठे केस में फंसा सकता है। दक्षिण जिला पुलिस अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि मामल की जांच की जा रही है।
बाबा का ढाबा से मशहूर हुए कांता प्रसाद और यूट्यूबर गौरव वासन को मिल रहीं जान से मारने की धमकियां
फोन कर जान से मारने की धमकी दी
बाबा के ढाबा मालिक बुजुर्ग कांता प्रसाद ने बताया कि उन्हें जान से मारने व ढाबे को जलाने की धमकी मिल रही हैं। बाबा कांता प्रसाद इस कदर खौफ में है कि उन्हें घर से निकलने में डर लग रहा है। बाबा ने बताया कि आठ दिसंबर को शाम सात बजे धमकी भरा फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा था कि बाबा तुम्हे डोनेशन दिया था। बाबा ने बोला कि गौरव वासन को डोनेशन दिया होगा उसे नहीं मिला। इस पर फोन करने वाले ने कहा कि बाबा तुम झूठ बोल रहे हो। तुम्हारा ढाबा जला देंगे। ये बताते हुए बाबा रो पड़े।
उन्होंने बताया कि ये कभी सोचा भी नहीं था कि उनके साथ ऐसा होगा। इसके अलावा कुछ लोग ढाबे के पास चाय पीने के बहाने आते हैं। ये धमकी देते हैं। इनमें एक युवक ने खुद को गौरव वासन का भाई बताते हुए कहा था कि बाबा तेरे को चटका दू क्या। चाय पीने के नाम पर उल्टा-सीधा बोलते हैं। बाबा का कहना है कि अब उन्हें जान जाने का डर लगने लगा है। अगर उसे कुछ हो गया तो बच्चों को कौन पालेगा। बाबा ये भी कहते हैं कि उनका किसी से झगड़ा भी नहीं हुआ है। बाबा मानते है कि उन्हें मिली शोहरत अब उनके लिए मुसीबत बन गई है। बहुत लोग उनसे जलने लगे हैं। क्योंकि उनकी पहले कभी किसी से ऐसी कोई दुश्मनी नहीं रही, लेकिन अब उन्हें फोन पर धमकी मिल रही हैं।
मालवीय नगर थाने में शिकायत दी
बाबा कांता प्रसाद ने अपने वकील के जरिए मालवीय नगर थाने में अपने वकील प्रेम जोशी के जरिए कुछ दिन पहले शिकायत दी है। बाबा ने शिकायत में आरोप लगाया कि गौरव वासन ये सब कुछ करवा रहा है, हालांकि उनके पास कोई सबूत नहीं हैं। बाबा की शिकायत पर अभी तक एफआईआर नहीं हुई थी।
यू-ट्यूबर गौरव ने भी पुलिस में शिकायत दी
बाबा का ढाबा के मालिक कांता प्रसाद को रातोंरात प्रसिद्ध करवाने वाले यू-ट्यूबर गौरव वासन ने भी गुरुवार को मालवीय नगर थाने में शिकायत दी है। यू-ट्यूबर ने अपनी शिकायत में कहा है कि उन्हें कोई झूठे मुकद्दमे में फंसा सकता है। गौरव वासन बाबा कांता प्रसाद के आरोपों को खारिज किया है।
दोनों ही शिकायतों पर जांच की जा रही है
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि बाबा कांता प्रसाद व यू ट्यूबर गौरव वासन दोनों ने मालवीय नगर थाना पुलिस को शिकायत दी हैं। पुलिस ने दोनों की शिकायत ले ली हैं। दोनों की शिकायतों पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाबा गौरव के खिलाफ एफआईआर करवा चुके हैं
इससे पहले बाबा कांता प्रसाद यू-ट्यूबर गौरव वासन के खिलाफ मालवीय नगर थाने में एफआईआर दर्ज करवा चुके हैं। बाबा ने आरोप लगाया था कि गौरव वासन डोनेशन के रूप में मिले पैसे को उनको नहीं दिया है। हालांकि गौरव वासन का दावा है कि उन्होंने बाबा का पूरा पैसा दे दिया हैं।