देश के कई राज्यों में अनलॉक होने के बाद वीकेंड पर उत्तराखंड के कई पर्यटन स्थलों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। धर्मनगरी हरिद्वार में रविवार को बाहरी राज्यों के यात्रियों और पर्यटकों की खासी भीड़ रही। शनिवार से ही लोगों का यहां पहुंचना शुरू हो गया था और रविवार दोपहर तक यह क्रम बना रहा। हाईवे पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। हरकी पैड़ी समेत प्रमुख गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में लोग डुबकी लगाते नजर आए। दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा के यात्री सबसे ज्यादा दिखाई दिए।
प्रदेश सरकार कोविड कर्फ्यू में ढील लगातार बढ़ा रही है। सप्ताह में पांच दिन बाजार खुल रहे हैं। इससे बाजारों में चहल पहल बढ़ी है। शनिवार और रविवार को बाजार तो बंद रहे, लेकिन बाहरी राज्यों के यात्री बड़ी संख्या में यहां पहुंचे। शनिवार को भी ऋषिकेश और हरिद्वार घूमने के लिए काफी संख्या में दिल्ली एनसीआर से लोग यहां पहुंचे थे। रविवार सुबह से हाईवे पर बाहरी राज्यों के वाहन काफी संख्या में दिखाई दिए।
जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया हरकी पैड़ी के अलावा मालवीय घाट, सुभाष घाट प्रेमनगर आश्रम घाट, गोविंद घाट, ओमपुल घाट, शिवघाट, विष्णु घाट पर लोगों की भीड़ बढ़ती गई। शहर के अधिकांश पार्किंग स्थलों पर काफी संख्या में दोपहिया और चौपहिया वाहन पार्क थे। हरकी पैड़ी के बाद प्रेमनगर घाट पर सबसे ज्यादा भीड़ दिखी। रविवार को कोविड कर्फ्यू में बाजार खोलने की अनुमति नहीं थी। लेकिन यात्रियों की भीड़ होने से दुकानदारों ने गुपचुप तरीके से दुकानें खोली। दुकानों पर यात्री खरीदारी करते हुए नजर आए।
2 of 7
हरकी पैड़ी पर गंगा में डुबकी लगाते यात्री
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को हरकी पैड़ी के पास स्थित पंतदीप पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग समेत कई अन्य पार्किंग फुल नजर आई। वहीं, प्रेमनगर घाट पर तो वाहन चालक पुल पर ही वाहन खड़े कर घाटों पर स्नान करते हुए नजर आए। इससे जाम जैसी स्थिति बनी रही।
3 of 7
ऋषिकेश में गंगा में डुबकी लगाते यात्री
- फोटो : अमर उजाला
गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए पर्यटक और स्थानीय लोग ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट समेत विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंच रहे हैं। रविवार को त्रिवेणी घाट पर पर्यटकों का हुजूम उमड़ा। भीड़ से घाट चौक से त्रिवेणी घाट तक बाजार वाहनों से पैक हो गया। आनन फानन पुलिस ने तहसील प्रशासन और निगम प्रशासन से वार्ता कर घाट की पार्किंग को खुलवाई। इसके बाद हालात काबू में आए।
4 of 7
ऋषिकेश में गंगा में डुबकी लगाते यात्री
- फोटो : अमर उजाला
सुबह 11 बजे से ही पर्यटकों के त्रिवेणी घाट पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। स्थानीय लोग भी गंगा घाट पर पहुंचे। कुछ ही देर में त्रिवेणी घाट पर्यटकों से पूरी तरह से पैक हो गया। वहीं घाट चौक से लेकर त्रिवेणी घाट चौकी तक बाजार में दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। हालांकि साप्ताहिक बंदी के चलते बाजार बंद थे। इससे पैदल चलने वाले लोगों को खास परेशानी नहीं हुई।
5 of 7
ऋषिकेश में लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
तीर्थनगरी में दूसरे राज्यों के वाहनों की भीड़ आने से ऋषिकेश बाजार से तपोवन तक वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। रामझूला क्षेत्र में वाहनों की भीड़ बढ़ने के कारण मुनिकीरेती पुलिस को खारा स्रोत से वाहनों को डायवर्ट करना पड़ा। तपोवन से आने वाले वाहनों को बाईपास मार्ग पर भेजा गया। वाहनों की भीड़ बढ़ने के कारण तपोवन, पूर्णानंद और रामझूला पार्किंग फुल रहीं। दुकानें और होटल कम खुलने से पर्यटकों को महंगे दामों को खाना और पानी खरीदना पड़ा।