उत्तराखंड के उत्तरकाशी में देर रात हुए दर्दनाक हादसे में तीन बरातियों ने अपनी जिंदगी गंवा दी। भटवाड़ी-गोरसाली मोटर मार्ग पर अनियंत्रित होकर टैक्सी गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए। बचाव कार्य के दौरान भी एक ग्रामीण फिसलकर गिरने से घायल हुआ।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है। घटना रात पौने ग्यारह बजे की है। शादी के बाद बरात गांव लौट रही थी। जिला मुख्यालय से करीब चालीस किमी दूर भटवाड़ी-गोरसाली मोटर मार्ग पर पाही गांव के निकट टैक्सी वाहन संख्या यूके10टीए-0403 अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में वाहन चालक लाटा गांव निवासी महेंद्र पाल(35) पुत्र राजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गोरसाली गांव के अतर सिंह(50) पुत्र इंद्र सिंह और लाटा गांव के अनूप रावत(35) पुत्र यशपाल सिंह, बचेंद्र सिंह पुत्र जबर सिंह, महेंद्र सिंह पुत्र विजन सिंह एवं नरेंद्र सिंह पुत्र जगत सिंह निवासी लाटा और गोरसाली गांव निवासी राजपाल राणा पुत्र मदन सिंह, यशवंत सिंह पुत्र गजेंद्र सिंह और राजेंद्र सिंह पुत्र रघुवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर बचाव कार्य के दौरान पैर फिसल कर गिरने से लाटा गांव का आशीष पुत्र शूरवीर सिंह भी घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही डीएम डा.आशीष चौहान एसडीआरएफ, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे में रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में से अतर सिंह एवं अनूप रावत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर हालत को देखते हुए राजेंद्र सिंह एवं नरेंद्र सिंह को हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया। शेष घायलों का जिला अस्पताल में ही उपचार किया जा रहा है। गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने रात को ही जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना तथा पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया।