उत्तराखंड में दूसरे दिन शुक्रवार को दिनभर बारिश और बर्फबारी जारी रही। जिससे राज्य में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। वहीं ठंड की वजह से लोग घर में दुबके रहे। चारधाम सहित सभी वादियां बर्फ के आगोश में हैं। भारी बर्फबारी से सैकड़ों गांवों में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पिथौरागढ़, नैनीताल सहित कुमाऊं मंडल के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।
दो दिन से हो रही बारिश से रुद्रप्रयाग जिले के 60 से अधिक गांवों में दो से तीन फीट बर्फ जमने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। केदारनाथ, मद्महेश्वर व तुंगनाथ घाटी के ऊपरी गांवों में शुक्रवार को हल्का हिमपात हुआ। उधर, केदारनाथ में 16 फीट से अधिक बर्फ जमी है। जबकि मद्महेश्वर में 7 से 8 फीट और तुंगनाथ में 6 फीट तक बर्फ जमा है। चोपता, बनियाकुंड, दुगलबिट्टा भी बर्फ से लकदक हो रखे हैं।
भारी बर्फ के कारण कुंड-ऊखीमठ-चोपता-मंडल-गोपेश्वर राजमार्ग पर आवाजाही बंद पड़ी है। सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण मोटर मार्ग भी बर्फ के चलते चार किमी तक बाधित है। शुक्रवार को पुलिस सोनप्रयाग कोतवाली पुलिस और स्थानीय लोगों ने मोटर मार्ग खोलने का प्रयास किया। जिलाधिकारी मनुज गोयल और पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने मौसम को देखते हुए सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों के चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों से पर्यटक स्थलों के भ्रमण कार्यक्रम को स्थगित करने की अपील की है।
2 of 8
उत्तराखंड में बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
चमोली जिले में दूसरे दिन भी मौसम बदला रहा। बदरीनाथ सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप जारी है। बदरीनाथ धाम में पांच फीट तक बर्फ जम चुकी है, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब सात फीट बर्फ जम गई है। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित 200 से अधिक गांव भी बर्फ से ढक गए हैं, जिससे ग्रामीण अपने गांवों में ही कैद होकर रह गए हैं, वहीं जिले के विभिन्न संपर्क मार्गों पर बर्फबारी से आवाजाही प्रभावित हो गई है।
3 of 8
उत्तराखंड में बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
गौरसों बुग्याल, औली, फूलों की घाटी के अलावा रुद्रनाथ, लाल माटी, जोशीमठ, सुतोल, कनोल, डुमक, कलगोठ, उर्गम, भेंटी, पाणा, ईराणी सहित दर्जनों गांव बर्फ से ढके हुए हैं। चमोली जिले में गोपेश्वर-चोपता, बदरीनाथ हाईवे हनुमान चट्टी से आगे, जोशीमठ-औली, जोशीमठ-मलारी हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। कई सड़कों पर बर्फ जमने से फिसलन हो गई है, जिससे वाहनों के आवागमन में दिक्कत आ रही है। विकास खंड पोखरी के भी कई गांव बर्फ से ढके हुए हैं।
4 of 8
उत्तराखंड में बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
भारी बर्फबारी से टिहरी जिले में चंबा-मसूरी फलपट्टी के गांव और धनोल्टी क्षेत्र सफेद बर्फ की चादर से ढक गया है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण चंबा-मसूरी रोड पर दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही बाधित रही। धनोल्टी बाजार की विद्युत आपूर्ति दूसरे दिन भी बहाल नहीं हो पाई, जिससे वहां फंसे पर्यटकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को जिले के सेम-मुखेम, गंगी और घुत्तू सहित जिला मुख्यालय में भी हल्की बर्फबारी हुई।
5 of 8
उत्तराखंड में बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
चंबा-मसूरी फलपट्टी के चोपड़ियाल गांव, जड़ीपानी, काणाताल, सुरकंडा देवी मंदिर और धनोल्टी क्षेत्र में शुक्रवार को भी जमकर बर्फबारी हुई है, जिससे चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर चोपड़ियाल गांव से आगे वाहनों का आवागमन ठप हो गया। वाहनों के बर्फ में फंसने के कारण पर्यटकों को होटलों में ही रुकना पड़ा। एनएच ने सड़क पर पसरी बर्फ हटाने के लिए अलग-अलग जगहों पर जेसीबी लगाई है।